― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरवरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र सिंह का एम्स में निधन

वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र सिंह का एम्स में निधन

जौनपुर। कलेक्ट्रेट बार जौनपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सिंह का उपचार के दौरान एम्स हॉस्पिटल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही अधिवक्ता समुदाय सहित शहर में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जाता है कि वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाज के लिए नई दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती थे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वे नगर के मियांपुर मोहल्ले के निवासी थे और विधि क्षेत्र में उनकी सादगी, स्पष्टवादिता तथा संघर्षशील व्यक्तित्व के लिए विशेष पहचान थी। कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के रूप में उन्होंने अधिवक्ताओं के हितों के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कीं। उनके निधन को विधि जगत की अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। शोकसभा आयोजित कर अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

घरेलू विवाद में खुद को मारी गोली, मौत

जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के मझगवां खुर्द गांव में किसी बात को लेकर घर वालो से विवाद हो गया। विवाद बढ़ता गया और अंत में आक्रोशित होकर उसने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

मिली जानकारी के अनुसार संजय यादव पुत्र राजनारायण ने किसी बात से नाराज होकर आत्महत्या कर लिया। उसने घर में रखी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही परिजन कमरे में गए और वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। इस वारदात से परिजन में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर जलालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।

युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र के नई आबादी मोहल्ला के चौहान बस्ती निवासी युवक ने पत्नी से मामूली कहासुनी को लेकर फांसी लगा ली। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जाता है कि उक्त मोहल्ला निवासी संदीप चौहान (35) पुत्र वीरेंद्र चौहान शराब के नशे का आदी था, जिसके चलते पूर्व में उसकी हालत काफी खराब हो गई थी। जिसके ईलाज से परिवार आर्थिक तंगी से परेशान था। इसी बात को लेकर मंगलवार की सुबह शराब पीकर घर लौट युवक से पत्नी की कहासुनी हो गई। बताते हैं कि इसी बात से नाराज युवक कमरे में पहुंचकर रस्सी का फंदा बनाकर पंखे के सहारे झूलकर अपनी ईहलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। लोग उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर घटना की जांच में जुटी रही।

किशोर को लापता होने के 10घन्टे बाद पुलिस ने किया बरामद

जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के समसखानपुर गांव निवासी किशोर अनुज भारती को गायब होने की प्राथमिकी दर्ज होने के 10घण्टे के अन्दर जफराबाद पुलिस ने बरामद कर उसके परिजनों को उसे सौंप दिया।

थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ला ने बताया कि समसखानपुर निवासी निशा पत्नी तेजबहादुर ने जफराबाद थाने पर तहरीर दिया था कि उनका पुत्र 21 फरवरी की शाम को सामान लेने बाजार गया हुआ था और वापस नही लौटा। परिजन एक दिन की खोजबीन के बाद 23फरवरी की सुबह पुलिस को सूचना दी। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर विवेचना उ.नि.राधेश्याम सिंह को सौप दी गयी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए किशोर को 10घण्टे के अन्दर ही जफराबाद स्टेशन से उसे बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की तत्परता का बखान करते हुए निशा ने थाना पुलिस को धन्यवाद दिया।

विवाहिता को पीटकर घर से निकाला, सात पर मुकदमा

जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम पचवर निवासी रिंकी सरोज ने सोमवार की शाम कोतवाली केराकत में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी शादी एक मई 2018को अमित कुमार राकेश निवासी जंघई, थाना सरायममरेज, जनपद प्रयागराज के साथ हुई थी। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते रहे।

किसी तरह वह अब तक सब सहती रही। 18फरवरी की रात लगभग 10बजे पति अमित कुमार राकेश सहित परिवार के अन्य लोगों ने दहेज की मांग को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उसे घर से भगा दिया। मारपीट में उसके सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। पीड़िता ने बताया कि उसके दो पुत्रियां व एक नाबालिग पुत्र हैं। यह भी आरोप लगाया गया है कि उसके पति ने उससे छिपाकर करीब चार वर्ष पूर्व दूसरी महिला के साथ कोर्ट मैरेज कर लिए थे। जिसकी जानकारी लगभग एक सप्ताह पहले ही हुई। इसका साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। पीड़िता का कहना है कि पूर्व में कई बार समझौता हुआ, लेकिन उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। मामले में पुलिस ने पति अमित कुमार राकेश, अमरावती देवी, अर्चना सरोज, मधु सरोज, जयप्रकाश सरोज, रामसुरत तथा जुग्गन समेत कुल सात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर सातों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोग घायल

जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत नगर के दादर ओवर ब्रिज पर सड़क दुघर्टना में दो कारों की आमने सामने भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की हालत गंभीर देख बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। नगर के दादर ओवर ब्रिज पर सोमवार की देर रात तेज रफ्तार दो कारों की आमने सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। जिसमें दोनों वाहनों में बैठे चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जिसमें एक वाहन में क्षेत्र के मड़वा मोहिद्दीनपुर गांव निवासी 35वर्षीय प्रमोद कुमार यादव पुत्र नन्दलाल यादव व दूसरे वाहन में सरपतहा थाना क्षेत्र के समोधपुर गांव निवासी 30वर्षीय अनीश पुत्र राशिद, 25वर्षीय इम्तियाज पुत्र बशीर, 20वर्षीय शारिक हुसैन पुत्र राशिद गंभीर रुप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दे एम्बुलेंस की मदद से घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद प्रमोद कुमार यादव की हालत गंभीर देख बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

19प्रतिष्ठानों से लिया गया 3 नमूना

जौनपुर। सहायक आयुक्त(खाद्य)-द्वितीय, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अवगत कराया है कि आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उ.प्र., लखनऊ के आदेश एवं जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में आगामी होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के भण्डारण/विक्रय पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से 19 से 28 फरवरी तक संचालित विशेष प्रवर्तन अभियान के अन्तर्गत जनपद जौनपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा किये जा रहे प्रवर्तन कार्यवाही के क्रम में खाद्य सचल दल में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण मंगलवार को जौनुपर के विभिन्न बाजारों में स्थित अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थ खोया का 01 नमूना, कचरी का 01 नमूना एवं भैस के दूध का 01 नमूना संग्रहीत किया गया है। इस प्रकार कुल 19प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों का कुल-03 नमूना संग्रहीत करके जांच हेतु खाद्य विश्लेषक को प्रेषित किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई इत्यादि की कमी पाये जाने पर कुल-06 खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया। उपरोक्त के साथ ही साथ खाद्य कारोबारकर्ता एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम के अन्तर्गत फूड सेफ्टी आन व्हील के माध्यम से खाद्य सचल दल द्वारा आज मंगलवार को जौनपुर के जलालपुर चैराहा एवं सीतम सराय स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल-28 नमूनों की मौके पर जांच करके जांच रिपोर्ट से अवगत कराते हुए 18 खाद्य कारोबारकताओं एवं 58 उपभोक्ताओं को जागरूकता किया गया एवं मानक के विपरीत पाये गये 01नमूना के सापेक्ष तत्काल विधिक कार्यवाही करते हुए खाद्य पदार्थ भैस के दूध का नमूना संग्रहीत करते हुए जांच हेतु खाद्य विश्लेषक को प्रेषित कर दिया गया है।

Share Now...
Previous article
Next article