जौनपुर। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव ‘रामनवमी’ और चैत्र नवरात्रि के पावन समापन अवसर पर पूर्वांचल की आस्था के केंद्र मां शीतला चौकिया धाम में भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। नवरात्रि के नौवें दिन, मां सिद्धिदात्री की उपासना के साथ ही धाम के विद्वान पुरोहित विवेकानंद पंडित द्वारा शास्त्रोक्त विधि-विधान से नौ कन्याओं का पूजन संपन्न कराया गया। शुक्रवार सुबह भोर से ही मंदिर परिसर मंत्रोच्चार और जयकारों से गूंज उठा। विवेकानंद पंडित ने नौ छोटी कन्याओं को साक्षात देवी का स्वरूप मानकर उनके चरण पखारे और उन्हें ऊंचे आसन पर विराजमान कराया। पूजन के दौरान कन्याओं के माथे पर रोली-चंदन का तिलक लगाकर उनकी आरती उतारी गई। पूजन के पश्चात श्रद्धापूर्वक उन्हें हलवा-पूरी और चने का प्रसाद ग्रहण कराया गया। अंत में सामर्थ्य अनुसार उपहार और दक्षिणा भेंट कर पंडित जी ने कन्याओं का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पंडित विवेकानंद ने बताया कि नवरात्रि में कन्या पूजन का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। यह समाज में नारी शक्ति के प्रति सम्मान और पवित्रता का संदेश देता है। वहीं, मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा रहा। रामनवमी और नवरात्रि के इस दोहरे उत्सव के कारण मंदिर प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि दर्शनार्थियों को कोई असुविधा न हो।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने रामनवमी की शुभकामनाएं दीं

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र ने जनपदवासियों को रामनवमी के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम का जीवन त्याग, तपस्या, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस पर्व को सौहार्द, शांति और उल्लास के साथ मनाएं और समाज में भाईचारा एवं एकता का संदेश फैलाएं। साथ ही उन्होंने जौनपुर महोत्सव के सफल आयोजन पर सभी का आभार व्यक्त किया।
परमानपुर में भव्य श्रीराम जन्मोत्सव एवं माँ शारदा के दर्शन

जौनपुर। परमानपुर स्थित माँ शारदा शक्तिपीठ में रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य श्रीराम जन्मोत्सव मनाया गया। नवरात्रि के अंतिम दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी, फूल और आकर्षक एयर गुम्बरों से सजाकर भक्तिमय वातावरण तैयार किया गया।
पूजन और श्रृंगार के दौरान भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न एवं हनुमान जी को नए वस्त्र और पुष्पमालाओं से सजाया गया। वैदिक विधि से अभिषेक और पूजा-अर्चना संपन्न हुई। 51 किलो लड्डू और छप्पन भोग अर्पित कर प्रसाद वितरण किया गया। भक्तजन भजन-कीर्तन, सोहर और नृत्य के साथ जन्मोत्सव में भाग लेते हुए भक्ति में लीन नजर आए। प्रधान ट्रस्टी सत्य प्रकाश ने विधिवत आरती की। प्रो. अजय दुबे, डॉ. शेखर गुप्ता, अजय जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंदिर प्रबंधक रोहित जायसवाल एवं सहयोगियों ने आयोजन को सफल बनाया।
नवरात्र नवमी पर आद्या शक्ति दक्षिणा काली मंदिर में हवन-पूजन

जौनपुर। नगर के सिटी स्टेशन रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज के समीप स्थित श्री मां आद्या शक्ति दक्षिणा काली मंदिर में चैत्र नवरात्र की नवमी पर शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ हवन-पूजन का आयोजन किया गया। मंदिर के प्रधान पुजारी भगवती सिंह वागीश ने सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ विधि-विधान से हवन संपन्न कराया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि हवन-पूजन से वातावरण शुद्ध होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। घंटा और शंख की ध्वनि से पूरा परिसर भक्तिमय और आनंदमय हो गया। उन्होंने कहा कि कलयुग में मां काली की उपासना अत्यंत शक्ति वर्धक और मंगलकारी मानी जाती है तथा उनकी पूजा-अर्चना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कार्यक्रम में सपा नेता अजय त्रिपाठी, वेद प्रकाश सिंह एडवोकेट, मतिवार सिंह, दलसिंगर, रामपाल विश्वकर्मा, रतन, अमित दुबे, विपिन सिंह, सर्वेश सिंह सोनू, भानु मौर्य, मनीष सोनकर और वन्देश सिंह सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।



