जौनपुर धारा, शाहगंज। मुख्यमंत्री के पखवाड़े भर का विशेष अभियान अधिकारियों की लापरवाही की भेंट चढ़ गया। नगर क्षेत्र पूरी तरह अतिक्रमण के जद में हैं। विशेष रूप से कोतवाली, नगरपालिका मार्ग डिवाइडर बन जाने से सड़क सकरा हो गया है।
मुख्यमंत्री ने एक अप्रैल से पन्द्रह अप्रैल तक विशेष अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया है जिसमें अवैध स्टैंड समेत अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध अभियान चलाने को निर्देशित किया है। इस बाबत प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने जिला, तहसील, नगरपालिका प्रशासन को टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया है लेकिन सरकार के आदेश की नाफरमानी कर किसी प्रकार की कार्यवाही न करने से अतिक्रमण करने वालों का हौसला बुलंद है। कोतवाली, नगर पालिका रोड, कलक्टरगंज, रोडवेज तिराहा, जेसीज चौक पर अतिक्रमण से जनता त्राहि-त्राहि कर उठी है। कोतवाली रोड पर नगर पालिका गेट के समीप दुकानदारों द्वारा पटरी पर कब्जा कर लिया गया है। इसके बाद ग्राहकों की बाइक व दुकान का माल उतारते ठेले से पूरा सड़क जाम हो जाता है। किसी ने रोका टोका तो विवाद होना तय है। इस बावत उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी कर जुर्माना वसूला जायेगा। वहीं पटरी को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्यवाही होगी। पुरानी सब्जी मंडी में सब्जी बेचने वाले लोगों को सड़क से हटा अन्यत्र भूमि आवंटित किया जायेगा।



