- सघन जांच अभियान में 15वाहनों का चालान, सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में ट्रैकों को हटवाया
मुंगराबादशाहपुर। सीओ प्रतिमा वर्मा के नेतृत्व में मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस द्वारा सोमवार को सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत संदिग्ध वाहनों की चेकिंग करते हुए वाहनों से संबंधित कागजात, हेलमेट, डीएल आदि की जांच कर समुचित कागजातों एवं हेलमेट के अभाव में 15वाहनों के चालान काटे गए। इस सम्बन्ध में सीओ प्रतिमा वर्मा ने बताया कि इस चेकिंग अभियान का उद्देश्य नशे में चूर होकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करना तथा सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन द्वारा सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से पार्किंग किये गये वाहनों को भी हटवाया गया। सीओ प्रतिमा वर्मा ने बताया कि हमारा उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और अपराध पर अंकुश लगाना है। क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी को रात्रि में पुलिस गश्त में वाहन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी, और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी करने का निर्देश दिया गया। सीओ प्रतिमा वर्मा ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करते हुए सड़क सुरक्षा में सहयोगी बनने की अपील की है। इस अवसर पर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने दो पहिया वाहन चलाने के दौरान हेलमेट का उपयोग करने की अपील की है।



