खुटहन। क्षेत्र के नगवां गांव में गत चार जुलाई की रात नाजमा का संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका शव पाए जाने के मामले में दर्ज दहेज हत्या के मुकदमे में आरोपित पति, सास व ससुर को सोमवार को पुुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। न्यायालय ने तीनों को जेल भेज दिया।
मृत नाजमा के पिता शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के अर्गूपुरकलां गांव निवासी वली मोहम्मद ने शनिवार की सुबह थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पति, सास व ससुर द्वारा दहेज की मांग को लेकर आए दिन प्रताड़ित किए जाने से आजिज आकर उसने आत्महत्या कर ली। दहेज हत्या संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई। थाना प्रभारी निरीक्षक मुन्ना राम घुसिया ने बताया मिले सुराग पर एसआई महेंद्र यादव व उनके हमराहियों ने पति रहीम शेख, ससुर मोबिन व सास नुशरत को गोसाईंपुर नहर पुलिया से गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान रहीम शेख ने कहा कि वह माह से माता-पिता से अलग रहता था। घटना के दिन मैं अपनी पुत्री आलिया की दवा लेने सुल्तानपुर गया था। लौटने पर दरवाजा भीतर से बंद मिलने और आवाज लगाने पर कोई प्रतिक्रिया न होने पर घर के झरोखे से देखा तो मेरी पत्नी ने फांसी लगा ली थी। दहेज हत्या के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप पूरी तरह से गलत है।
दहेज के लिये विवाहिता को पीटकर उसके बच्चों निकाला सहित घर से बाहर
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मेहौड़े गांव की एक विवाहिता को ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज को लेकर मारपीट कर दो छोटे-छोटे बच्चों सहित घर से बाहर निकाल दिया। विवाहिता द्वारा तहरीर दिए जाने पर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर लिया है।
बता दें कि गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मेहौड़े गांव की विवाहिता बेबी गौतम ने रविवार को दोपहर में गौराबादशाह थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया है कि बीते शनिवार को सुबह लगभग आठ बजे मेरे पति मुकेश गौतम ने मेरे सास गायत्री देवी व ससुर श्याम प्यारेलाल के उकसाने पर मुझे गाली- गलौज देते हुए डंडे मार पीट कर दोनो बच्चों के साथ घर से बाहर निकाल दिया। पति के पिटाई से बेबी (26) के कान में और हाथ मे चोट आई। बेबी ने अगले दिन रविवार को अपनी मायकेवालों के साथ गौराबादशापुर थाने पर पहुंच कर नामजद तहरीर दी। थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर फूलचंद पाण्डेय ने बताया कि तहरीर के आधार बेबी के पति मुकेश गौतम, सास गायत्री और ससुर सूरज भान के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवाहिता के पति मुकेश को हिरासत में ले लिया गया है।
पैसे के लेनदेन को लेकर दो पक्ष में हुई झड़प और हाथापाई, दो गिरफ्तार
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के आरा गांव में पुराने पैसे की लेनदेन को लेकर दो पक्ष में झड़प और हाथापाई हो गया। जिसमें सूचना पर पहुची पुलिस ने दो को हिरासत में ले लिया।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के आरा गांव में सोमवार को सुबह 11बजे रवि कुमार और शाहगंज थाना क्षेत्र के भरोख निवासी प्रेम बहादुर में पुराने पैसे की लेनदेन को लेकर गांव में ही झड़प और हाथापाई होने लगा। विवाद बढ़ता देख घर की महिलाओं ने थाने पर कॉल कर के सूचना दे दिया। सूचना पर थाने के उप निरीक्षक विनोद शंकर फोर्स के साथ आ गए। पुलिस ने रवि कुमार निवासी आरा थाना गौराबादशाहपुर एवं प्रेम बहादुर निवासी भरोख थाना शाहगंज को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर फूलचंद पांडेय ने बताया कि दोनों युवकों को डांट फटकार लगाकर समझाकर शांति भंग में चालान कर दिया गया है।
शांति भंग में 9 महिलाएं सहित 11को पुलिस ने किया शांतिभंग में पाबंद
खेतासराय। सोमवार को खेतासराय पुलिस ने दो अलग-अलग घटनाओं में कुल 11लोगों को शांतिभंग में गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया। थाना प्रभारी रामाश्रय राय ने बताया कि कस्बा के वार्ड नंबर 4बभनौटी वाईफाई पासवर्ड को लेकर उपजे विवाद में एक पक्ष से बिदुम पत्नी विद्यासागर (50 वर्ष), सोनू पुत्री विद्यासागर (27 वर्ष), संजना पुत्री विद्यासागर (22 वर्ष), रंजना पुत्री विद्यासागर (19 वर्ष) व द्वितीय पक्ष से मखनचू पुत्र शारदा सोनकर (50 वर्ष), मीला पत्नी मखनचू (48 वर्ष), प्रीति सोनकर पुत्री मखनचू (20 वर्ष), हीना पुत्री मखनचू (22 वर्ष) शामिल है। वहीं क्षेत्र के मुस्तफाबाद में छोटे-छोटे बच्चों के पारिवारिक विवाद को लेकर हुए झगड़े में 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। तीनों को शांतिभंग में चालान कर न्यायालय भेजा गया।
जमीन कब्जा कर रहे दबंगों ने दादा पोते को मारपीट कर किया घायल
जौनपुर। सुइथाकला क्षेत्र के लालापुर गांव में रविवार मध्यरात्रि जमीन पर जबरन कब्जा कर रहे दबंगों ने मना करने गए गांव निवासी दादा और पोते को मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं मामला पुलिस में जाने के बाद दोनों पक्षों के लोगों का 151के तहत चालान कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि अनुसूचित जाति के अस्सी वर्षीय राम अवध की जमीन पर रविवार की रात बगल गांव के दबंगों द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था।इस बाबत जानकारी होने पर वह अपने पोते राजेश कुमार पुत्र अनुराग के साथ मौके पर पहुंच कर विरोध जताने लगा। जिस पर दबंग किस्म के उक्त लोग लाठी डंडे से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलावस्था में दोनों को स्थानीय सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा दोनों का उपचार किया गया। बाद मामला जब थाने पहुंचा तो सरपतहा पुलिस चिकित्सकीय परीक्षण कराते हुए धारा 151के तहत दोनों पक्षों से एक एक लोगों का चालान कर दिया। मामले में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी, दोनों पक्षों के लोगों को शांति भंग में चालान किया गया है। फिलहाल मामले की चर्चा जोरों पर है।
दुकान का ताला तोड़कर सामान चुरा ले गए चोर
जौनपुर। चंदवक क्षेत्र के हिसामपुर बाजार में रविवार रात नहर पुलिया के पास स्थित फर्नीचर की दुकान का ताला तोड़कर चोर सामान चुरा ले गए।सुबह जानकारी होने पर भुक्तभोगी ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस पहुंच कर छानबीन की।
नहर पुलिया के पास रमेश कुमार की फर्नीचर की दुकान है।दुकान बंद कर रात घर चले गए। सुबह दुकान खोलने आए तो दुकान का ताला टूटा था। चोर उसमें से राउटर मशीन,कटर मशीन,ड्रिल मशीन, रंदा, ग्लैडर मशीन सहित अन्य सामान चुरा ले गए। सुबह जानकारी होने पर भुक्तभोगी ने पुलिस को सूचना दी।


