- सिरकोनी विकासखंड के जगदीशपुर गांव में शिलाफलकम का हुआ लोकार्पण
जौनपुर धारा, जफराबाद। सिरकोनी विकासखंड के जगदीशपुर जूनियर हाई स्कूल के प्रांगण में शुक्रवार को जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों की समस्या सुनी गई। कई मामलों का निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने जनता को सरकार की जनहितकारी योजनाओं को बताया गया। जिला विकास अधिकारी विजय कुमार यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना के लिए पात्रता की सूची तैयार की जा रही है। इसमें 40 प्रतिशत आवास दिव्यांग, मुसहर, प्राकृतिक आपदा से ग्रसित गरीब लोगों को दिया जाएगा। इसमें पात्र लोगों की सूची तैयार की जा रही है। पात्र को एक लाख बीस हजार आवास के लिए प्रदान किया जाएगा। दिसंबर 2023 से प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए कार्य शुरू होगा। जन चौपाल में मौजूद 40 महिला व पुरुषों ने वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, शौचालय आदि के लिए आवेदन किया। 10 लोगों ने पेंशन के लिए शिकायत दर्ज करायी। चार लोगों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अन्य लोगों की समस्या के समाधान के लिए सम्बंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया। इसके पूर्व प्राथमिक विद्यालय की छोटी बच्चियों ने देश भक्ति गीत पर गीत संगीत तथा नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती पूजन तथा देश के लिए बलिदान हुए वीर सपूतों को नमन करते हुए उनके नाम पर शिलाफलकम के उद्घाटन के साथ किया गया। इस दौरान डीपीआरओ नत्थूलाल, जिला वितरण अधिकारी विजय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. परमहंस राय, एडीयो कृषि आशीष कुमार त्रिपाठी, टीए दीपक मिश्रा, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक कुमार ने सरकार की तमाम योजनाओं के बारे में जानकारी दिया। साथ ही ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। खंड विकास अधिकारी अस्मिता सेन ने लोगों से कहा कि किसी प्रकार की समस्या हो तो आकर ब्लॉक पर बतायें। कोई भी कार्य नहीं रुकेगा। संचालन प्रमोद कुमार ने किया। इस मौके पर प्रधान लालमनी सिंह, यूनियन रवि रंजन, सेक्रेटरी रत्नेश सोनकर, साजिद अंसारी, ममता प्रजापति, रामआसरे मौर्य सहित अन्य अधिकारी व गांव के लोग उपस्थित रहे।



