Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखोखला हो रही नगर की सड़के, दहशत में राहगीर

खोखला हो रही नगर की सड़के, दहशत में राहगीर

  • हर बरसात देखने को मिल रही नई घटना, जिला प्रशासन ने किये कड़े तेवर
  • कार्यदायी संस्था और पालिका प्रशासन के लापरवाही का खामियाजा भुगत रही जनता

जौनपुर धारा, जौनपुर। सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे अब लोगों के लिये आफत बनते जा रहें हैं। नगर के मुख्य सड़कों पर हर तरफ सीवर पाइप लाइन के लिये खोदे गये गड्ढों को पाटने के घोर लापरवाही का खामियाजा शहर की जनता व स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है। गनीमत रहा कि इसके कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ लेकिन इन दो दिनो की बरसात ने सड़क के व्यवस्थाओं की कलई खोल दी है। सीवर लाइन डालने के लिए खोदे गए गड्ढे बड़े मुसीबत का कारण न बन जाये क्योंकि गड्ढों को पाट तो दिया गया है लेकिन उसमें भी कार्यदायी संस्था व पालिका प्रशासन की घोर लापरवाही धीरे-धीरे सामने आ रही है। मंगलवार की सुबह नगर में तमाम छोटी-बड़ी घटनाएं होती देखी गई।

जिसमें कहीं चार पहिया पीकप वाहन धंसी तो कहीं स्कूल जाते समय बच्चों से भरी ऑटो रिक्शा ही धंस गयी। ऐसा प्रतीत होता है कि जौनपुर की सड़कें खोखली हो चुकी हैं। कुछ दिन पहले रोड पर गड्ढे में एसडीएम की गाड़ी फंस गई थी तो वहीं नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी भी देखते ही देखते धंस गई थी लेकिन दो दिन की इस बरसात में मंगलवार को शकरमंडी में एक पीकप वाहन और बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही ऑटो रिक्शा भी धंस गया।

जिसे क्षेत्रियों के मदद से किसी तरह बाहर निकाला गया। वर्तमान की स्थिति यह है कि बरसात में वाहन चालक शहर में चलने से डर रहें है। क्योंकि इस बात की कोई जिम्मेदारी नहीं है कि कब कौन सी सड़क अचानक से धंस जाये और किस गाड़ी को अचानक अपने आगोश में लेले। कोई वाहन या राहगीर गड्ढे में न गिर पाए इसके लिये जिला प्रशासन को हस्तक्षेप कर कड़े कदम उठाने पडेंगे नहीं तो कभी भी बड़ी घटना घटित हो सकती है। स्मार्ट सिटी के तहत हो रहे कार्य में कार्यदायी संस्था घोर लापरवाही बरत रही है।

गनीमत रही कि नगर में कोई बड़ी घटना नहीं घटी लेकिन नगर की जनता के लिये मुसीबत अभी तक टली नहीं है। बताया जा रहा है कि कई जगह सीवर लाइन के पास पानी की सप्लाई वाले पाईप भी डैमेज हो गये है जिसके कारण सड़क धंस रहीं हैं। ऐसे में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान जिले में कागजी ही दिखाई दे रहा है। नगर पालिका की 90 फीसदी सड़कें गड्ढायुक्त हो गई है। हालत यह है कि सड़कों पर चलना तक मुसीबत से कम नहीं है। खस्ताहाल सड़कों में जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे भी हो गए हैं। जहां बरसात में गड्ढों में पानी भरने के कारण पैदल चलने वाले लोग भी परेशानी झेल रहें है और सरकार सहित कार्यदायी संस्था को कोसते नजर आ रहें है।

कार्यदायी संस्था की लापरवाही पर जिला प्रशासन ने किये कड़े तेवर

जौनपुर धारा, जौनपुर। सीवर लाइन बिछाने में कार्यदायी संस्था टेक्नाक्राफ्ट कंस्ट्रक्शन कंपनी नोएडा की लापरवाही पर जिला प्रशासन के कड़े तेवर अपना लिए हैं।  डीएम अनुज कुमार झा के आदेश पर जल निगम निर्माण शाखा के अभियंता सचिन सिंह ने सोमवार की रात लाइन बाजार थाना में तहरीर देकर कार्यदायी संस्था व उसके मालिक व जिम्मेदार अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज करा दिया।

दी गई तहरीर में अधिशासी अभियंता ने आरोप लगाया है कि नागरिकों की सुरक्षा के मानक की चिंता किए बिना कंपनी सीवर बिछाने के लिए सड़कों पर गहरी खोदाई कर रही है। नागरिक इसमें गिरकर चोटिल हो जा रहे हैं। इसमें कंपनी के मालिक (अज्ञात), महाप्रबंधक फतेह चंद्र शर्मा व डिप्टी मैनेजर अर्पित सिंघल को आरोपित नामजद किया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध धारा 283, 290 व 431 भा.द.वि. के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना में तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। बता दें, शहर में पिछले वर्ष से सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। सुरक्षा संबंधी मानकों की अनदेखी करते हुए कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी आधी रात के बाद शहर की मुख्य सड़कों पर भी गहरी खोदाई कर छोड़ देते हैं। राहगीर गिरकर चोटिल हो जाते हैं। इसके चलते पूरे शहर में चलना दूभर हो गया है। मालूम हो कि सिविल लाइन रोड पर कचहरी तिराहा के समीप एक्सिस बैंक की शाखा के सामने रविवार की आधी रात कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के मुख्य सड़क पर सीवर बिछाने के लिए गहरा गड्ढा खोदवा दिया। सोमवार की सुबह मियांपुर निवासी वृद्ध जियालाल विश्वकर्मा घर से बाइक लेकर कहीं जा रहे थे। बैरिकेडिंग न किए जाने के कारण बैंक शाखा के सामने तिराहा पर बाइक का अगला पहिया गड्ढे में चला गया, किसी तरह ब्रेक लगाकर जियालाल विश्वकर्मा उतरकर अपनी जान बचा ली, किंतु बाइक गहरे खड्ड में गिर गई। लोगों ने घटना की वीडियो रिकार्डिंग कर इंटरनेट मीडिया में प्रसारित कर दिया। इसी के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।