- सुरक्षा के बिना ट्रांसफार्मर, मियापुर-कालीकुत्ती में कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

जौनपुर। नगर क्षेत्र के कई इलाकों में बिना सुरक्षा घेराबंदी के लगे बिजली के ट्रांसफार्मर लोगों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने से स्थानीय लोगों में हमेशा किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीर नहीं दिख रहा है। नगर के मियापुर और कालीकुत्ती मोहल्लों में लगे ट्रांसफार्मरों के आसपास न तो मजबूत घेराबंदी की गई है और न ही पर्याप्त चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। ऐसे में वहां से गुजरने वाले लोगों, खासकर बच्चों और पशुओं के लिए यह स्थिति जोखिम भरी बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस संबंध में बिजली विभाग से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। बरसात या नमी के समय करंट फैलने का खतरा और बढ़ जाता है, जिससे आसपास रहने वाले लोग चिंतित रहते हैं। नागरिकों ने बिजली विभाग से मांग की है कि ट्रांसफार्मरों के चारों ओर मजबूत घेराबंदी कराकर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। लोगों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।



