बाइक से गिरकर तीन युवक घायल, एक गंभीर
जौनपुर धारा, खेतासराय। स्थानीय रेलवे क्रासिंग पर शुक्रवार की रात तेज गति से आ रही एक बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इसपर सवार तीन युवक घायल हो। घायलों में एक हालत नाजुक बनी हुई है।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 22वर्षीय सौरभ, 21 वर्षीय विकास और 18वर्षीय विनय अब्बोपुर से विजय दशमी का मेला देखकर रात में घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की गति इतनी तेज थी कि खेतासराय रेलवे क्रासिंग के पास बने स्पीड ब्रेकर पर बाइक उछल कर क्रासिंग के बीचो बीच गिर कर घिसते हुए पचास मीटर दूर चली गई। तीनों युवक क्रासिंग के बीच गिरकर तड़पने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल तीनों युवकों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां विकास की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
89 प्रार्थना पत्रों में 28 का मौके पर निस्तारण
जौनपुर धारा, जौनपुर। शाहगंज तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। जिसमें फरियादियों के द्वारा कुल 89 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। जिसमें मौके पर 28 का निस्तारण किया गया। शेष सम्बंधित विभाग को सौंप जल्द से जल्द निस्तारण करने का निर्देश दिया गया। वहीं भिवरहां गांव के दर्जनों लोगों ने कोटेदार के विरुद्ध अनियमितता का आरोप लगा ज्ञापन सौंपा। जिस पर एसडीएम ने जांच करा कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस दौरान तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार संदीप कुमार गुप्ता, शैलेन्द्र कुमार, सरोज कस्बा कानूनगो संजय सिंह समेत सर्किल के सभी थानाध्यक्ष व राजस्वकर्मी आदि मौजूद रहे।
विषम परिस्थिति में घबराएं नहीं संयम से काम लें महिलाएं
जौनपुर धारा, खुटहन। नारी मिशन शक्ति के तहत पुलिस के द्वारा महिलाओं को जागरूक करने को लेकर शनिवार को बीरी समसुद्दीनपुर गांव में महिलाओं को उनकी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीम के द्वारा बताया गया कि विषम परिस्थिति में संयम से काम लें महिलाएं। घबरा जाने से वह और संकट फंस सकती है। क्योंकि हड़बड़ाहट में मोबाइल का नंबर भी ढूंढने पर नहीं मिलता।
उप निरीक्षक सर्वजीत यादव ने कहा कि महिलाएं अपने परिवार में हर छोटी बड़ी बातें अवश्य शेयर करें। कहीं भी आते-जाते समय कोई छेड़ता हो या पीछा करता हो तो उसे घर वालों को अवश्य बताएं। इसके बेझिझक होकर हेल्पलपाइन नम्बर पर सूचना दें। महिला हेड कांस्टेबल संध्या और कुमारी बिट्टू ने कहा कि जो छात्राएं कुछ ऐसी बातें जो अपने स्वजन से न कह पाती हो वह हेल्पडेस्क नंबर व महिला कांस्टेबल से अपनी समस्या जरूर कहें। पुलिस उनकी पहचान गोपनीय रखेगी। इस दौरान उन्हें वुमेन पावर लाइन, आपातकालीन नंबर, महिला हेल्पलाइन, साइबर अपराध, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइ नंबरों के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर पूर्व प्रधान श्रवण उपाध्याय, दामिनी उपाध्याय, आरती, जूली, नेहा, सिल्पा आदि मौजूद रहीं।
पूजा कराने गए वयोवृद्ध पुरोहित को पड़ोसियों ने पीटा
जौनपुर धारा, खुटहन। गौरा गांव में शुक्रवार को पूजा कराने गये 80वर्षीय पुरोहित को यजमान के मनबढ़ पड़ोसियों ने पीट दिया। आरोप है कि उनकी संख,पत्रा, सालिग्राम व दक्षिणा में मिले पैसों को भी छीन लिए। महिला यजमान ने पड़ोसियों के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर दिया है।
गौरा गांव निवासी वयोवृद्ध पंडित चिंतामणि तिवारी गांव के ही यजमान गीता विश्वकर्मा पत्नी संजय के घर पूजा कराने गए थे। गीता देवी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पूजा पूर्ण होने के बाद पंडित जी बैठकर चाय पानी कर रहे थे तभी पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोस के तीन मनबढ़ युवकों ने उन्हें धक्का देकर खाट से नीचे गिरा कर मारने लगे। आरोप है कि जब बचाव करने वह गयी तो उसे भी लात घूंसो से पीटने लगे। मौके पर गांव के तमाम लोगों के पहुंचने पर हमलावर भाग गए। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।



