श्रीदुर्गा पूजा महासमिति की वार्षिक बैठक 17 को
जौनपुर धारा, जौनपुर। श्रीदुर्गा पूजा महासमिति की आमसभा की बैठक जिलाअध्यक्ष अनिल अस्थाना के नेतृत्व में जनपद की समस्त समितियों के साथ महासमिति के केंद्रीय कार्यालय नवदुर्गा शिव मंदिर विसर्जन घाट पर 17 सितम्बर को दिन में 11 बजे आयोजित की गई है। बैठक में आगामी दिनों में होने वाली शारदीय नवरात्रि पूजा के बारे में समितियां से विचार विमर्श किया जाएगा साथ ही उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए जाएंगे। जिला अध्यक्ष ने उक्त बैठक में समस्त समितियों के लोगों से अनुरोध किया कि वह पहुंचे। उक्त जानकारी महासमिति के महासचिव राहुल पाठक ने दी।
किशोरी भगा ले जाने के मामले में दो महिलाएं सहित तीन पर केस
जौनपुर धारा, खुटहन। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी को बहला फुसलाकर कर भगा ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। किशोरी की माता के आरोप के आधार पर पुलिस ने आरोपित युवक सहित उसकी माता और भाभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव निवासी किशोरी की माता का आरोप है कि अंगुली गांव निवासी दिलीप निषाद का उसके घर आना जाना था। बीते 5 सितम्बर की शाम दिलीप उसकी 14वर्षीय पुत्री को बहला फुसलाकर कहीं भगा ले गया। उसकी माता विमला देवी और भाभी अंतिमा का भी उसे भगाने में सहयोग किया गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश में संभावित जगहों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। तीनों आरोपित फरार बताए जा रहे हैं।
छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर धारा, जौनपुर। एक गांव में दरवाजे के बाहर सोयी महिला के साथ छेड़छाड़ करने व महिला का मुंह दबाकर उठा ले जाने व महिला की मां द्वारा शोर मचाने पर छोड़ जाने को लेकर थाने में दर्ज मु.अ.सं.156/2023 धारा 354 आईपीसी एक्ट से सम्बन्धित वांछित अभियुक्त उदयभान सिंह उर्फ अरुण सिंह पुत्र स्व.राम दुलार सिंह निवासी-कुंवरपुर थाना-पवांरा को उपनिरीक्षक बासदेव प्रसाद ने हेड कान्सटेबल सर्वेश सिंह व हेड कान्सटेबल सर्वेश कुमार के साथ शनिवार की सुबह कुंवरपुर से गिरफ्तार कर चालान हेतु न्यायालय भेज दिया।
दबंग ने तोड़ डाला समोपुर गांव में बन रहा कूड़ा घर
जौनपुर धारा, जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के समोपुर गांव में बनाये जा रहे कूड़ा घर को एक दबंग ने तोड़ डाला। यह मामला काफी चर्चित है तथा लोग काफी आक्रोश में है। ज्ञात हो मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में हर गांव में उक्त कूड़ा घर का निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है। समोपुर गांव में उक्त कूड़ा घर बनकर लगभग तैयार हो गया था। उस पर केवल पतरा डाले जाने का काम बचा हुआ था। उस कूड़ा घर को जफराबाद कस्बे के एक दबंग व्यक्ति ने जाकर तोड़ डाला।स्थानीय लोगो ने बताया कि युवक काफी मनबड़ है। दूसरे गांव में सरकार द्वारा बनवाये गए उक्त काम को तोड़ना काफी दबंगई भरा है। घटना के बारे में प्रधान दौलत सिंह चौहान ने बताया कि उक्त कूड़ा घर के लिए लेखपाल ने पैमाइश करके जमीन बताया था। उसी पर यह बन रहा था। हालांकि थाने में उसके विरुद्ध तहरीर दी गई है। सेक्रेटरी राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि यह कूड़ा घर 66हजार रुपये की लागत से बन रहा था।लगभग कार्य पूर्ण हो चुका था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत एक गिरफ्तार
जौनपुर धारा, जौनपुर। शनिवार को सुइथाकला पुलिस ने क्षेत्र से सौ ग्राम नमूना सहित 1.600 किग्रा.गांजे के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। मामले में गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पुलिस आवश्यक कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत चालान न्यायालय को भेज दिया गया। बतौर पुलिस अम्बेडकर नगर जनपद के जैतपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर मठिया गांव निवासी विशाल कुमार निषाद 25 पुत्र राम सुरेश को क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से नमूना सहित 1.600 किग्रा.गांजा बरामद हुआ। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले में गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए चालान न्यायालय को भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शैलेंद्र व्ाâुमार राय समेत हमराही हेड कान्सटेबल अजय सिंह व कान्सटेबल मशकूर अहमद शामिल रहे।
बाइक की टक्कर में युवक घायल
जौनपुर धारा, सरायख्वाजा। स्थानीय थाना क्षेत्र के कोयरीडीहां इटौरी मार्ग पर शनिवार शाम पांच बजे मेहरावां रेलवे क्रासिंग के पास एक बाइक दुर्घटना में कोमल निवासी उडली गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे तुरंत सरकारी एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर बतायी गयी है।
ज्ञातव्य है कि उक्त युवक अपनी पत्नी के साथ बाइक से अपनी रिश्तेदारी से वापस लौट रहा था। घायल युवक मल्हनी बाजार में शराब पी ली। पत्नी के मना करने के बाद भी शराब पी ली और मेहरावां रेलवे क्रासिंग पर असंतुलित हो कर महेन्द्र सेठ इटौरी बाजार निवासी को पीछे से जोरदार तरीके से टक्कर मारते हुए विजली के पोल में भिड़ गया जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। खबर मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गयी।
दलित छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज
जौनपुर धारा, जौनपुर। चंदवक क्षेत्र के एक गांव निवासी दलित छात्रा को प्रेमी युवक द्वारा आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने उसकी मां की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपित फरार है। पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश कर रही है।
एक गांव निवासी बीए की छात्रा चार सितंबर को सुबह 6बजे घर से सेमेस्टर परीक्षा देने के लिए निकली। वह विद्यालय न जाकर हरिहरपुर बरैछाबीर घाट पर गोमती नदी पुल पर मोबाइल पर बात करते व बीच बीच में रोते हुए दो घंटे बाद पहुंची और बैग व मोबाइल नींचे रखकर रेलिंग से नदी में छलांग लगा दी। जब तक गोताखोरों की मदद से पुलिस ने बाहर निकलवाया तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट व कॉल डिटेल मिलने के बाद जांचोपरांत कार्रवाई करने की बात कहीं थी। पुलिस ने जांचोपरांत युवती की मां की तहरीर पर बगेरवा गांव निवासी राहुल सिंह पुत्र प्रेम नाथ सिंह के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने, एससी-एसटी एक्ट सहित सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश कर रही है।
आटो पलटने से तीन घायल
जौनपुर धारा, जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के चिरैया मोड समीप आटो पलटने से आटो सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। क्षेत्र के छबवां गांव निवासी 36वर्षीय छट्ठू लाल पुत्र हरीराम, 55वर्षीय कृष्ण कुमार व उनकी पत्नी 50वर्षीय इंदू सिंह शाहगंज से दवा लेकर टेम्पो में सवार होकर शनिवार की दोपहर अपने घर जा रहे थे। चिरैया मोड के समीप टेम्पो अनियंत्रित होकर पलटने से सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने इलाज के दौरान हालत गंभीर देखकर कृष्ण कुमार व मंजू को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।



