Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरें एक नजर में...

खबरें एक नजर में…

  • अज्ञात वाहन के धक्के से मजदूर की मौत

जौनपुर धारा, जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के लखौवां बाजार में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस शव को कब्जे में लेते हुए आवश्यक लिखापढ़ी में जुट गई। थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने बताया विलियम टिर्की हरिहरपुर जमतोली रांची निवासी मजदूर थाना क्षेत्र के उटरुकला गांव में मजदूरी करता था। उक्त मजदूर लखौवां बाजार में शनिवार सुबह सड़क पर मृत देखा गया। अज्ञात युवक की पहचान दो-तीन घण्टे बाद हो सकी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिवारजनों को सूचना दे दी गई है।

  • उतर प्रदेश लेखपाल संघ का चुनाव सम्पन्न

जौनपुर धारा, शाहगंज। उप्र लेखपाल संघ द्वारा आयोजित चुनाव में संजय कुमार को जिलाध्यक्ष चुना गया। संजय कुमार को कुल 284 मत प्राप्त हुआ। वहीं प्रतिद्वंद्वी दूधनाथ को 183 मत प्राप्त हुआ। एक सौ एक मत से संजय को विजयी घोषित किया गया वहीं जिला महामंत्री पद पर काटें की लडाई रही। जय शंकर यादव को 234 मत व निकटतम अनुराग सिंह को 229 मत प्राप्त हुआ। महज पांच मत से जय शंकर को जीत हासिल हुई। वहीं शालिनी देवी कटियार वरिष्ठ उपाध्यक्ष व त्रिभुवन यादव कनिष्ठ उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। उपमंत्री सतीश कुमार, कोषाध्यक्ष घनश्याम पटेल एवं आडिटर पद पर वंशराज राव निर्वाचित हुए। सभी पदाधिकारियों को लेखपालों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।

  • गूजरताल पर मत्स्यबीज वितरण शुरू

जौनपुर धारा, खेतासराय। शनिवार को राजकीय मत्स्य प्रक्षेत्र गूजरताल पर मत्स्य बीज वितरण का कार्य शुरू हो गया है। पहले दिन पांच लाख मत्स्य बीज का वितरण किया गया। इस साल विभाग द्वारा 35 लाख मत्स्य बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है। प्रक्षेत्र के प्रभारी केशव प्रसाद निषाद ने बताया कि मत्स्य प्रक्षेत्र पर उन्नति किस्म के रोहू, भाकुर और नैन प्रजाति के मत्स्य बीज उपलब्ध हैं। मत्स्य पालकों को सरकारी दर पर मत्स्य बीज उपलब्ध कराये जा रहे हैं।

  • पाक्सो एक्ट के मुकदमें में महिला सहित 2 वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

जौनपुर धारा, जौनपुर। पुलिस अधीक्षक डा. अजय पाल शर्मा के निर्देशन में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के क्रम में प्रभारी निरीक्षक सैय्यद हुसैन मुन्तजर थाना सुजानगंज के नेतृत्व में उ.नि. मंजीत कुमार मय हमराह थाना स्थानीय पर पंजीकृत मुकमदा व पाक्सो एक्ट के तहत अभियुक्त विशाल कुमार पुत्र अरविन्द गौतम व रीता देवी पत्नी अरविन्द गौतम निवासीगण ग्राम बेसार थाना सुजानगंज को शनिवार सुबह 9.45 बजे गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

  • फांसी लगाकर युवक ने की आत्महत्या

जौनपुर धारा, जौनपुर। सुइथाकला क्षेत्र के बुमकहा गांव में शनिवार सुबह रस्सी के सहारे फांसी लगाकर युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला चर्चा का विषय बना रहा। इधर पुलिस मामले में अपने को अनजान बता रही है। बताया जाता है कि उक्त गांव निवासी रामप्रसाद गौतम का 24 वर्षीय पुत्र देवानंद ने शनिवार सुबह दस बजे के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में घर में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी पर लोगों में सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि मृतक अपने तीन भाइयो में दूसरे स्थान पर रहा। पेशे से वह पिकअप चालक था। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया। मामले में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने जहां घटना से अपने आपको अनजान बताया वहीं लोगों की मानें तो परिजनों ने आनन फानन में लाश का अंतिम संस्कार कर दिया।

  • अलग-अलग आपराधिक मामलों में पांच गिरफ्तार

जौनपुर धारा, खेतासराय। स्थानीय पुलिस ने अलग अलग आपराधिक मामलों में महिला समेत पाँच को चेकिंग और दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया सभी आरोपितों को विधिक कार्यवाई के बाद चालान न्यायालय भेज दिया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार यादव के अनुसार शनिवार की बारा मोड़ से एक संदिग्ध युवक की तलाशी के दौरान उसके पास से 1.55 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। पूछताछ में उसने अपना नाम महबूब पुत्र इरशाद निवासी जोगियाना बताया जबकि दो अन्य वारंटी पिंटू उर्फ उमेश यादव पुत्र दयाराम यादव निवासी गुरदौली, मोहम्मद नूर, निवासी जोगियाना को उनके घर से गिरफ्तार किया गया तो वहीं दहेज हत्या के मामले में फरार चल रही। दो महिला आरोपितों को उनके घर कलापुर से गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया।

  • बालिकाओं को किया गया जागरूक

जौनपुर धारा, जौनपुर। थाना कोतवाली पुलिस व शक्ति दीदी द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना कोतवाली के सिपाह क्षेत्र में आयशा पब्लिक स्कूल में बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों 1090, 1076, 1098, 182, 112 व साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में जानकारी दी गई तथा पम्पलेट का वितरण कर जागरुक किया गया।