होली के रंग में रंगा जौनपुर, खूब उड़ा अबीर गुलाल

  • महिलाओं और बच्चों में भी रहा खासा उत्साह, गले मिल एक दूसरे को दी बधाई
  • दिन भर चक्रमण करती रही पुलिस, जोगिरा सरा-रा-रा पर थिरके युवा

जौनपुर धारा,जौनपुर। जिले में होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। होली के अवसर पर पूरे शहर का उमंग एक तरफ और चहारसू चौराहे का नजारा एकदम अलग दिखाई पड़ रहा था। युवाओं की टोली ने नगर का भ्रमण कर होली के रंगों में सराबोर होकर जगह-जगह ढोल मजीरे के साथ होली गीत गाकर पूरी रसधार बहायी। तमाम युवाओं ने बाइक जुलूस निकालकर होली खेली तो वहीं महिलाएं, पुरूष, बच्चे ने भी जमकर होली खेली।

जोगिरा सरा-रा-रा की धुन पर दिन भर युवक थिरकते रहें। शहर में रंग की अपेक्षा ज्यादातर अबीर गुलाल की होली खेली गई, तथा एक दूसरे को होली की बधाईयां दी। सुबह होते ही बच्चे अपनी टोली के साथ बाल्टी में रंग घोलकर एक दूसरे के ऊपर पिचकारी के सहारे रंग डालते नजर आए, वहीं आने-जाने वाले लोग भी इससे बचते नजर आये। क्योंकि छोटे-छोटे बच्चे आने-जाने वाले बाइक सवारों, साईकल सवार व पैदल वालों पर रंग डालकर होली के उमंग का मजा ले रहे थे।

नगर के चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा, सब्जी मण्डी, भण्डारी, ओन्दगंज, लाइनबाजार सहित नगर के अन्य मुख्य मार्गों पर युवाओं की टोली होली के लोकगीत पर थिरकतें नजर आये। होली को लेकर सबसे अधिक उत्साहित बच्चे रहें। एक दूसरे को रंग अबीर लगाने में कोई पीछे नहीं रहा। दिन चढ़ने के साथ ही फिजा रंग गुलाल से रंगीन होती गई। होली के पर्व के आगमन से ही लोगों में रंग बिरंगी होली पर्व के प्रति उत्साह और भी बढ़ जाता है।

बच्चे, महिलाएं, बड़े-बूढ़े सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर अपने गिले-शिकवे दूर किये। सुबह लोग रंगों की होली से तो शाम को सभी ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। होली के इस खुमारी में रमे पियक्कड़ भी पीछे नही रहे, वे भी नशे में मदमस्त हो अपनी धुन में रमे रहे।

एसपी व डीएम ने पुलिस संग मनाई होली

शनिवार को होली पर्व के दूसरे दिन पुलिस लाइन में धूमधाम से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। होली त्यौहार सकुशल सम्पन्न कराने के उपरान्त पुलिस ने होली खेली। जिलाधिकारी, जिला जज एवं पुलिस अधीक्षक ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगा कर दी गयी बधाई। होली पर्व के दूसरे दिन पुलिस लाइन, जौनपुर में धूमधाम से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें जिलाधिकारी, जिला जज, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सर्किल के क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक व पुलिस के अन्य अधिकारी/ कर्मचारीगण द्वारा एक दूसरे पर फूलों की बारिश कर एवं अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं एवं बधाई दी गयी। इस दौरान लोकगीत गायकों द्वारा फागुन गीत की प्रस्तुति की गयी।

Share Now...