- होटल में पार्क किया गया यात्री का वाहन चोरी होने का मामला
- न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
जौनपुर धारा, जौनपुर। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पालीटेक्निक चौराहा स्थित एक होटल के मैनेजर व एक अन्य अज्ञात आरोपित के विरुद्ध चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामला करीब दो वर्ष पूर्व होटल में ठहरे यात्री की कार चोरी होने के आरोप का है। कानपुर के कर्नलगंज के गुन्नू खां का अहाता निवासी मोहम्मद इमरान ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) के न्यायालय में दफा 156 (3) के तहत प्रार्थना पत्र दिया। इमरान के अनुसार वह 17 मार्च 2022 को उक्त होटल में किराए पर कमरा लेकर ठहरे थे। उन्होंने अपनी मारुति अर्टिगा कार होटल के पार्किंग में खड़ी की थी। रात में होटल का खाना खाने के बाद वह बेहोश हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद स्वस्थ होने पर वह अस्पताल पहुंचे तो कार नदारद थी। होटल के प्रबंधक व अन्य स्टाफ से काफी पूछताछ की, किंतु न तो कार का पता चला और न ही कोई संतोषजनक जवाब मिला। सीजेएम ने पुलिस को मुकदमा दर्ज कर विवेचना कराने का निर्देश दिया।



