- छात्राओं ने वेस्ट से बनाई राखियां, सफाई कर्मियों को बांधकर जताया आभार
जौनपुर। नगर के डॉक्टर रिज़वी लर्नस एकेडमी प्रांगण में नगर पालिका परिषद जौनपुर द्वारा ‘हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता अभियान के तहत आज स्वच्छ राखी-स्वच्छ बंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ.रिजवी लर्नर्स एकेडमी की छात्राओं ने वेस्ट मटेरियल से सुंदर राखियां बनाकर नगर पालिका में कार्यरत सफाई मित्रों को राखी बांधकर उनका सम्मान किया। इस मौके पर प्रिंसिपल डॉ.रुचि शर्मा ने कहा कि यह आयोजन न केवल रक्षाबंधन पर्व की भावना को सशक्त करता है, बल्कि स्वच्छता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के प्रति समाज के कृतज्ञ भाव को भी अभिव्यक्त करता है। छात्राओं ने ‘वेस्ट टू आर्टÓ की तकनीक से पुराने कागज, प्लास्टिक, रिबन, बटन आदि सामग्री से आकर्षक राखियां तैयार कीं। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर (शहरी) खुशबू यादव ने छात्राओं को घर से निकलने वाले कचरे को सूखा और गीला अलग-अलग करने की सलाह देते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस पहल से बच्चों में स्वच्छता और सामाजिक सेवा के प्रति जागरूकता भी उत्पन्न हुई। नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न सिर्फ एक पर्व को पर्यावरण और स्वच्छता से जोड़ने का प्रयास है।



