― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरसड़क दुर्घटना में महिला सहित तीन लोगों की मौत

सड़क दुर्घटना में महिला सहित तीन लोगों की मौत

जौनपुर धारा, जौनपुर। अलग-अलग स्थानों पर दुर्घटनाओं में मायके से घर लौट रही महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में मृत महिला का पुत्र बाल-बाल बच गया। संबंधित थानों की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की। जलालपुर के छातीडीह निवासी अभिषेक कुमार अपनी मां प्रेमशीला को बुलेट बाइक पर बैठाकर बीमार नानी को दिखाने चंदवक के घुड़दौड़ ले गया था।शनिवार की शाम घर लौटते समय केराकत के थानागद्दी बाजार में नया चौराहा पहुंचा तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक को देख घबरा गया। बाइक अनियंत्रित हो गई। प्रेमशीला सड़क पर गिर गईं और ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आकर कुचल जाने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बुलेट सहित गड्ढे में चले जाने से अभिषेक बाल-बल बच गया। मौके से ट्रक लेकर भागे चालक को पुलिस ने पीछा कर नाऊपुर स्थित झूला वनस्पति कंपनी के पास पकड़ लिया। इसे संयोग ही कहेंगे कि अपनी बाइक रहते हुए अभिषेक पड़ोस में रिश्तेदारी में आए युवक की बुलेट मांगकर ले गया था। मृत प्रेमशीला के पति राजेश कुमार रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई रहते हैं। रामपुर के फजुलहां निवासी रवींद्र गौतम शुक्रवार की शाम रामपुर बाजार में सब्जी खरीदने आए थे। घर जाते समय बाजार में ही अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने शिनाख्त कर घर वालों को सूचना देकर सीएचसी रामपुर ले गए। वहां पहुंचने स्वजन बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ले जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। शनिवार की सुबह स्वजन व दर्जनों ग्रामीण शव थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने कहा मुकदमा दर्ज कर दुर्घटना करने वाले वाहन को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। एक अन्य हादसा सुजानगंज के छंगापुर के पास बाहरपुर मोड़ पर शुक्रवार की देर शाम हुआ। अरुवां निवासी लल्लू रजक बाहरपुर मोड़ पर कपड़ा प्रेस करने की दुकान चलाते थे। वह दुकान बंद कर घर जा रहे थे। सुजानगंज की तरफ से तेज गति से आ रहे बाइक सवार तीन युवक धक्का मारते हुए निकल गए। गंभीर रूप से घायल लल्लू को स्वजन सीएचसी सुजानगंज ले आए। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ले जाते समय रास्त्ो में उन्होंने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष रोहित मिश्र ने बताया मृतक के पुत्र विशाल की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Share Now...