खुटहन। उंचवाडीह गांव में गुरुवार की रात घर के सामने बरामदे के कमरे में युवक की संदिग्ध हाल में फांसी के फंदे से लटका शव पाये जाने से सनसनी $फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतार पीएम हेतु भेज दिया। स्वजन घटना को लेकर खुद हतप्रभ हैं। पुलिस भी युवक के मौत का कारण स्पष्ट नहीं कर सकी है।
गांव निवासी 25वर्षीय अर्जुन सिंह पुत्र लाले सिंह दो भाइयों में छोटा था। वह अभी अविवाहित भी था। उसके पिता और बड़े भाई रोजी रोटी के चक्कर में परदेश में रहते हैं। अर्जुन अपनी माता मीना सिंह के साथ घर पर रहकर खेती बाड़ी कराता था। स्वजनों ने बताया कि वह गुरुवार की शाम को कमरे का दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। रात लगभग नौ बजे भोजन करने के लिए जब उसकी माता ने बाहर से आवाज दी तो वह कुछ न बोला। दरवाजा पीटने के बाद भी भीतर कुछ हलचल न होने पर वह शोर मचाने लगी। पास पड़ोस के तमाम लोग जुट गए। टार्च की रोशनी में रोशनदान से भीतर देखे तो सन्न रह गए। भीतर साड़ी के फंदे से लटका उसका शव हवा में झूल रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने फंदे से शव उतरवाया। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। घटना के पीछे क्या कारण है अभी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही कुछ बताया जा सकता है।
विवाहिता ने पति व ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
कुकुहां गांव निवासी रेशम राजभर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब 5-6 माह पहले आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के कुंभ गांव निवासी राहुल राजभर से हुई थी। पहले कोर्ट मैरिज हुई, इसके बाद मंदिर में रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न हुआ। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोग उससे दो लाख रुपये नकद और चार पहिया वाहन की मांग करने लगे तथा मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट करने लगे। रेशम ने बताया कि इस मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई और थाने में लिखित समझौता भी हुआ, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष उसे वापस ले जाने के बजाय लगातार दहेज की मांग कर रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ओवरब्रिज निर्माण के चलते दो दिन बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
जौनपुर। जगदीशपुर रेलवे क्रासिंग के पास बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य के कारण जिले के कई क्षेत्रों में दो दिन तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग ने इस संबंध में उपभोक्ताओं को पूर्व सूचना जारी करते हुए सहयोग की अपील की है।
अधिशासी अभियंता द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ओवरब्रिज निर्माण कार्य के तहत 33केवी मुस्तफाबाद और 33केवी कबीरूद्दीपुर लाइन के स्थानांतरण का कार्य 7मार्च और 8मार्च को कराया जाएगा। इस दौरान 33/11 केवी मुस्तफाबाद विद्युत उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति निर्धारित समय तक बंद रहेगी। बताया गया कि शनिवार 7 मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक तथा रविवार 8 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि कार्य के दौरान होने वाली असुविधा को देखते हुए सहयोग बनाए रखें, ताकि ओवरब्रिज निर्माण से जुड़ा आवश्यक कार्य समय से पूरा कराया जा सके।
केराकत क्रॉसिंग पर सुहेलदेव एक्सप्रेस की बार-बार चेन पुलिंग से लगता है जाम, राहगीर परेशान
केराकत। आनंद विहार टर्मिनल से गाजीपुर सिटी जाने वाली सुहेलदेव एक्सप्रेस को केराकत स्टेशन के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन यात्रियों द्वारा चेन पुलिंग कर रोक दिया जाता है। इस कारण रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहने से सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार यात्री अपनी सुविधा के लिए ट्रेन की चेन खींचकर उसे क्रॉसिंग के पास ही रोक देते हैं।
ट्रेन के अनावश्यक रूप से रुक जाने के कारण रेलवे फाटक निर्धारित समय से अधिक देर तक बंद रहता है। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। बताया जाता है कि ट्रेन कुछ देर तक ट्रैक पर खड़ी रहने के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। खासकर सुबह के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। उस समय बड़ी संख्या में लोग अपने कामकाज, स्कूल और दफ्तर जाने के लिए इसी मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में जाम लगने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि चेन पुलिंग की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए और रेलवे क्रॉसिंग के आसपास निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि अनावश्यक रूप से ट्रेन रोकने की घटनाओं पर अंकुश लग सके और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
महिला दिवस पर दौड़ेंगी बेटियां, स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता
जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8मार्च को सिद्धीकपुर स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता मेरा युवा भारत अस्मिता लीग 2026 के तहत आयोजित होगी, जिसमें जिले की महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों—अंडर-13, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक—में आयोजित होगी। इसमें भाग लेने के लिए महिला खिलाड़ियों को पहले मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। जिला युवा अधिकारी राम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि मेरा युवा भारत अस्मिता लीग 2026 के तहत कुल नौ प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं, जिनमें यह एथलेटिक्स प्रतियोगिता भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य जिले की बेटियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने जिले की महिला खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्रवाई में 28 लोग गिरफ्तार
जौनपुर। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न थानों की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 28 लोगों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर उनका चालान न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विवाद और अशांति की स्थिति को देखते हुए यह कार्रवाई की गई। थाना लाइनबाजार पुलिस ने 10 लोगों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में संजय गौतम, संदीप कुमार, विपत गौतम, सचिन, सर्वेश उर्फ सौरभ गौतम, ओमप्रकाश, विकास कुमार गौतम, शशिकांत, बुधप्रिय गौतम और सुनील राजभर शामिल हैं। थाना खुटहन पुलिस ने 5आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें सूरज मिश्रा, विनय मिश्रा, तेजई चौहान, दीपू चौहान और राजनाथ शामिल हैं। इसके अलावा खुटहन पुलिस ने ही अन्य कार्रवाई में 3 लोगों—अनिल कुमार, गुलाब चंद्र और धर्मवीर—को भी शांति भंग में गिरफ्तार किया। थाना सुजानगंज पुलिस ने 7लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें शैलेष कुमार, देवमणि उपाध्याय, बृजेश उपाध्याय, विनोद मिश्रा, शिवम गोड़, धर्मेंद्र पाल और दीपक पाल शामिल हैं। वहीं थाना शाहगंज पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए 3 लोगों—रामकिशुन उर्फ किशन राजभर, सुनील कुमार राजभर और सलमान—को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
नाली विवाद में दबंगों का हमला, महिलाओं समेत कई घायल
सरायख्वाजा। स्थानीय थाना क्षेत्र के पतहना गांव में नाली से जुड़े पुराने जमीनी विवाद को लेकर बुधवार शाम दबंगों ने एक परिवार पर हमला बोल दिया। आरोप है कि करीब 20 से अधिक लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से लैस होकर घर में घुस आए और जमकर मारपीट व तोड़फोड़ की। इस घटना में महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार जमीन और नाली को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि बुधवार शाम करीब तीन बजे विपक्षी पक्ष के लोग एकजुट होकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। हमलावरों ने घर में मौजूद लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की और बाहर खड़े वाहनों को भी निशाना बनाया। मारपीट में महेंद्र यादव पुत्र अमल यादव, जय प्रकाश यादव, प्रदीप कुमार, संदीप कुमार, सुषमा, प्रीतम, निर्मला और उर्मिला यादव घायल हो गए। हमलावरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और बाहर खड़े चार पहिया वाहन व मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही घर के मुख्य दरवाजे को भी तोड़ दिया, जिससे काफी नुकसान हुआ। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने घर के सामने बनी बड़ी नालियों को भी तोड़ दिया, जबकि यह मामला न्यायालय में लंबित है। पीड़ित महेंद्र यादव का आरोप है कि मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन होने के बावजूद विपक्षी पक्ष पुलिस की मिलीभगत से आए दिन मारपीट करता है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर सरायख्वाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करंजा कला भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका उपचार जारी है। इस संबंध में थाना प्रभारी अमरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं तोड़फोड़ किए गए वाहनों को कब्जे में लेकर सरायख्वाजा थाने भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


