जौनपुर। रंगों के महापर्व होली की पूर्व संध्या पर शहर और ग्रामीण अंचलों में उत्साह अपने चरम पर है। नगर के टीडी कॉलेज रोड हुसैनाबाद में सड़क के बीचो-बीच आकर्षक ढंग से होलिका सजाई गई है। स्थानीय युवाओं और मोहल्ले के लोगों ने मिलकर लकड़ियां, उपले और पूजन सामग्री एकत्र कर पारंपरिक स्वरूप में होलिका तैयार की है। इसके अलावा ओलंदगंज, उर्दू बाजार, सिपाह, नईगंज, कचहरी मार्ग, लाइन बाजार, अहियापुर, शाहगंज, मड़ियाहूं समेत जनपद के विभिन्न मोहल्लों और बाजारों में भी होलिका स्थापित की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर होलिका सजाकर पूजा की तैयारी पूरी कर ली गई है। होलिका दहन को बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक माना जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार भक्त प्रह्लाद की रक्षा और होलिका के दहन की स्मृति में यह पर्व मनाया जाता है। दहन से पूर्व महिलाएं व श्रद्धालु कच्चा सूत लपेटकर परिक्रमा करती हैं, रोली-चावल, गुड़, नई फसल की बालियां (जौ-गेहूं) अर्पित करती हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। कई स्थानों पर नई फसल की बालियों को भूनकर प्रसाद के रूप में वितरित करने की भी परंपरा है। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। नगरवासियों में खास उत्साह है और लोग परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ होलिका दहन कर अगले दिन रंगों की होली मनाने की तैयारी में जुटे हैं।
शुरू हुआ होलिका दहन कार्यक्रम, 3 मार्च को चंद्रग्रहण

जौनपुर। होलाष्टक के साथ शहर में होली पर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को नगर के विभिन्न स्थानों पर रेड़ का पेड़ गाड़कर होलिका दहन कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस वर्ष 3 मार्च को चंद्रग्रहण और 4 मार्च को रंगों की होली मनाई जाएगी, जिससे दहन मुहूर्त को लेकर विशेष चर्चा है। नखास समेत ओलन्दगंज, लाइन बाजार, चहारसू चौराहा और अन्य मोहल्लों में विधि-विधान से होलिका स्थापित की गई। शहर में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है।



