- 7वीं प्रगति परीक्षा सम्मान समारोह में सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने मेधावियों को किया सम्मानित
- राधा वल्लभ ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूसन इमामपुर में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
खुटहन। राधा वल्लभ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन इमामपुर में गुरुवार को प्रगति परीक्षा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें टॉपर्स को सम्मान समारोह में पधारे बतौर मुख्य अतिथि सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने लैपटॉप, टैबलेट, स्मार्टफोन व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर मेधावियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इन प्रतिभाओं को 35हजार रुपये की अतिरिक्त स्कॉलरशिप भी संस्था की तरफ से दी जाएगी। सांसद ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि पहले बेटियों को शिक्षा बमुश्किल मिल पाती थी। भारत की प्रथम महिला शिक्षक सावित्री बाई फूले ने 1848 में बालिकाओं के लिए प्रथम स्कूल खोलकर शिक्षा की अलख जगायी। जिसका परिणाम है कि बेटियां पढ़ लिखकर दो दो कुलों का नाम रोशन कर रही हैं। 21 दिसम्बर को कैम्पस में आयोजित प्रगति परीक्षा में गृह जनपद के अलावा पड़ोसी जनपदों से तकरीबन छ:सौ छात्र/छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। जिसमें मीनाक्षी प्रथम, रिया द्वितीय, अकांक्षा तृतीय तथा हर्षिता ने चतुर्थ स्थान पाकर परीक्षा में टॉप किया था। टॉपर्स को सांसद बाबू सिंह कुशवाहा व संस्था की चेयरपर्सन शशी यादव ने लैपटॉप, टैबलेट और स्मार्टफोन के साथ प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया। साथ ही रैंक 5 से 30 तक के छात्रों को रिस्ट वॉच, वाल वॉच संग प्रशस्ति देकर सम्मानित किया। श्रीमती शशी यादव ने कहा कि मेरा इंस्टीट्यूट मेधावी छात्रों के लिए घर जैसा है। यहां हर विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संकल्प के साथ प्रदान की जा रही है। इसे इसी तरह भविष्य में जारी रखा जाएगा। वाइस चेयरमैन अभिषेक कृष्णा ने कहा प्रति वर्ष इंस्टिट्यूट में प्रगति परीक्षा व पुरस्कार वितरण के कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। जिससे अन्य विद्यार्थियों को प्रेरणा मिल सके। उन्होंने मेधावियों को तकनीकी विषयों में शिक्षा के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि संस्था के डायरेक्टर अशोक कुमार यादव,एसके यादव, डॉ.अरुण कुमार सिंह, डॉ.अजेय प्रताप सिंह, राम बदन यादव आदि ने मंच से अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन डीके शुक्ला ने किया। इस अवसर पर रजिस्ट्रार सौरभ यादव, ऑपरेशनल मैनेजर विशाल कृष्णा, उप रजिस्ट्रार विजय बहादुर यादव, सहायक मैनेजर अभिषेक सिंह समेत संस्था के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।



