- सप्ताह पड़ताल के बाद पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के ग्राम कडैला में बीते १नवंबर की रात करीब 11बजे झाड़फूंक करने वाले मखंचू की गोली मार हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्या ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी थी। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों में स्वाट, सर्विलांस और थाना सरायख्वाजा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आठ दिनों के जांच पड़ताल के बाद तह तक पहुँच सकी और गुत्थी सुलझ गई। मुख्य आरोपी शक्ति बनवासी पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था के साथ दो अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान शक्ति के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से मखन्चू की हत्या में प्रयुक्त पिस्टल .32 बोर, दो खोखा कारतूस और एक ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना का पूरा मामला जमीन और पैसों के विवाद से जुड़ा हुआ था। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में गिरफ्तार दो अभियुक्तों ने बताया कि मखंचू झाड़फूंक का कार्य करता था। उसका शक्ति बनवासी के परिवार से पुराना विवाद था। बताया कि शक्ति की मां की मृत्यु के लिए वह मखंचू को जिम्मेदार मानता था, क्योंकि उसका विश्वास था कि मखंचू ने उसकी मां पर ‘मेलानÓ(भूत)कर दिया था। इसी वैमनस्य के कारण शक्ति ने अपने साथी गोरख गौतम और शत्रुधन यादव के साथ मिलकर मखंचू की हत्या की साजिश रची। बताया कि बीते शनिवार की रात तीनों आरोपी कडैला गांव पहुंचे जहां मखंचू (76) अपने घर में सो रहा था। उसी दौरान शक्ति ने मखंचू पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। जिसके बाद पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों पर हत्या का केस पंजीकृत करके साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए थे और इलेक्ट्रॉनिक व मैनुअल जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
रविवार की सुबह मुठभेड़ में पकड़ाये हत्यारे
पुलिस को शनिवार जब मुखबिर की सूचना पर गोरख गौतम पुत्र रामबचन गौतम निवासी कुहिया और शत्रुधन यादव पुत्र रामाश्रय यादव निवासी गुरैनी थाना खेतासराय को गिरफ्तार किया, तब दोनों से पूछताछ में हत्या की पूरी कहानी सामने आई और यह स्पष्ट हो गया कि हत्या का मुख्य अभियुक्त शक्ति बनवासी ही था, जो फरार चल रहा था। जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी के गिरफ्तारी के लिए खोजबीन शुरू कर दी थी और रविवार तड़के करीब 2 बजे पुलिस ने मुठभेड़ में मुख्य आरोपित को सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के देवकली नहर पुलिया के पास गिरफ्तार कर लिया।



