Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरभक्ति रस कार्यक्रम नवधा में दर्शकों ने संगीत धारा में लगाई डुबकियां

भक्ति रस कार्यक्रम नवधा में दर्शकों ने संगीत धारा में लगाई डुबकियां

जौनपुर धारा, जौनपुर। नगर स्थित एक होटल के प्रांगण में लोक एवं जनजाति कला एवं संस्कृति संस्थान लखनऊ व संस्कार भारती जौनपुर द्वारा आयोजित नव वर्ष के 2080 के उपलक्ष्य में आयोजित भक्ति रस पर आधारित कार्यक्रम नवधा का शुभारंभ मंगलवार को  मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार, कार्यक्रम अध्यक्ष मुनीश सह प्रांत प्रचारक काशी प्रांत, विशिष्ट अतिथि विवेक सेठ मोनू, अतुल द्विवेदी, निदेशक लोक एवं जनजाति कला संस्थान ने दीप प्रज्वलन कर व मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्चन कर किया। संस्था के सदस्यों द्वारा ध्येय गीत की प्रस्तुति हुई। कार्यक्रम में प्रथम प्रस्तुति स्थानीय गायक कलाकार गुलाब राही के द्वारा चैती और पचरा गाकर किया गया। इसके उपरांत प्रयागराज की कलाकार पूर्णिमा देव कुमार व उनके साथियों द्वारा ढेड़या नृत्य, पचरा नृत्य और राम अवध में आये भजन पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही प्रयागराज के गायक कलाकार डॉली चौरसिया और रौशन पाण्डे द्वारा सुंदर भजन प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति के उपरांत अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त व बनारस घरने के कलाकार कथक की महारानी कही जाने वाली सितारा देवी के पौत्र, साहित्य कला अकादमी पुरस्कार विजेता विशाल कृष्णा (पौत्र कत्थक साम्राज्ञी सितारा देवी) ने अपने कत्थक नृत्य के विभिन्न आयामों के साथ शिव शक्ति, दुर्गा रूप, राम जन्म एवं होली पर कथक के भाव नृत्य की प्रस्तुति की जिसको दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि गिरीश चंद यादव ने कहाकि संस्कार भारती द्वारा आयोजित हमारी संस्कृति हमारी विरासत के परिपेक्ष में जो कार्यक्रम कर रही है इसकी निरंतरता बनी रहनी चाहिए। कार्यक्रम को अध्यक्ष काशी प्रान्त के सह प्रान्त प्रचारक मुनीश ने अपने उद्बोधन में कहा की भारतीय सभ्यता सनातन रही है हम सभी आज भी आधुनिक युग में अपने विभिन्न शुभ कार्य पंचांग पर आधारित तिथियों के द्वारा ही करते हैं। अतिथियों द्वारा सभी कलाकारों को माल्यार्पण, अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। डॉक्टर ज्योति दास ने आभार ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन विष्णु गौड़ एवं ऋषि श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक वंदे मातरम गान से हुआ। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, डॉ. अरुण कुमार मिश्रा, डॉ. क्षितिज शर्मा, राकेश कुमार श्रीवास्तव, अजय दुबे, सुजीत कुमार, डॉक्टर नरेंद्र पाठक, रविंद्र सिंह ज्योति, अमित श्रीवास्तव शशांक सिंह रानू आदि उपस्थित रहे।