- विभिन्न कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
जौनपुर। सिरकोनी विकास खण्ड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में शुक्रवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय नाथुपुर, प्राथमिक विद्यालय उचवा हौज सहित क्षेत्र के कई विद्यालयों में बच्चों ने विविध कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर दिवस को यादगार बनाया। विद्यालयों में पंडित नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बच्चों ने केक काटकर एक-दूसरे को खिलाया और बाल दिवस की खुशियाँ साझा कीं। इस मौके पर विद्यालय प्रांगण में बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाकर खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन किया। इसके अलावा गोलाफेंक, गेंद से गिलास गिराना सहित कई रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राथमिक विद्यालय नाथुपुर के प्रधानाध्यापक अरविंद शुक्ल और प्राथमिक विद्यालय हौज की प्रधानाध्यापिका पूनम मिश्रा ने बाल मेले का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में भारती सिंह, नूतन पाठक, खालिद अफजाल, श्रीकांत, मंजू यादव, कमला देवी, अभिभावक जोखन राम, दिनेश कुमार, नगेन्द्र, सुनील कुमार सहित क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।



