जौनपुर। नेशनल हाईवे पर स्थित बयालसी महाविद्यालय में रविवार को प्रबंध तंत्र की प्रस्तावित बैठक के विरोध में बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों तथा सैकड़ों ग्रामीणों ने कॉलेज मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए परिसर के बाहर भारी भीड़ जुटी रही। संघर्ष समिति के संयोजक आमोद सिंह रिंकू ने आरोप लगाया कि प्रबंध तंत्र द्वारा लगभग छह करोड़ रुपये का गमन किया गया है। इस सम्बंध में प्रबन्धक के खिलाफ धारा-57 के तहत कार्रवाई भी हो चुकी है। इसके बावजूद पूर्व प्रबंधक ने नई प्रबंध समिति बनाकर कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों का छह माह से वेतन रोक रखा है। उन्होंने मांग की कि कॉलेज में एकल संचालन लागू किया जाए, जिससे रुका हुआ वेतन तत्काल कर्मचारियों को मिल सके। साथ ही शासन, मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री से प्रबंध समिति को तत्काल बर्खास्त कर गमन किए गए धन की वसूली कर कॉलेज को वापस कराने की मांग की गई। कॉलेज की प्राचार्या डॉ.अलकेश्वरी सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह 9:30बजे प्रबंध समिति की बैठक होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के साथ सुबह नौ बजे से कॉलेज में मौजूद थीं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर गेट पर एक कर्मचारी को बैठाया गया था, ताकि प्रबंध समिति के अनुमोदित 13 सदस्य ही कॉलेज में प्रवेश कर सकें। प्रबंध समिति के सदस्यों की सूची उपनिरीक्षक मोहन प्रसाद को भी उपलब्ध कराई गई थी ताकि असामाजिक या अतिरिक्त लोग परिसर में न घुस सकें। प्राचार्या ने कहा कि सुबह 11 बजे तक प्रबंध समिति का कोई भी सदस्य बैठक के लिए नहीं पहुंचा। घटनाक्रम के बाद प्राचार्या डॉ. अलकेश्वरी सिंह ने कुलपति को प्रार्थनापत्र भेजकर मांग की है कि भविष्य में अवकाश के दिन प्रबंध समिति को बैठक करने की अनुमति न दी जाए। विरोध प्रदर्शन के चलते कॉलेज परिसर के बाहर दिनभर तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस द्वारा स्थिति पर निगरानी रखी गई।
― Advertisement ―
सिकरारा सड़क हादसे में 62 वर्षीय अधेड़ की मौत, बाइक की टक्कर से हुआ था घायल
सिकरारा थाना क्षेत्र के लाला बाजार में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल 62 वर्षीय सुदामा निषाद की वाराणसी ले जाते समय मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बयालसी पीजी कॉलेज के गेट पर हुआ विरोध-प्रदर्शन

Previous article

