Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरप्रतियोगिताओं में छात्रों की उत्साहपूर्ण सहभागिता

प्रतियोगिताओं में छात्रों की उत्साहपूर्ण सहभागिता

  • विज्ञान दिवस की पूर्व संध्या पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रो.राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिक विज्ञान अध्ययन एवं अनुसंधान संस्थान द्वारा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की पूर्व संध्या पर विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर, रंगोली, क्विज एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना तथा विज्ञान के प्रति गहरी रुचि विकसित करना था। पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास जैसे समसामयिक विषयों को सृजनात्मक और आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। क्विज प्रतियोगिता में छात्रों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी ज्ञान क्षमता और त्वरित निर्णय कौशल का परिचय दिया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विज्ञान की भूमिका, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा समाज पर उसके प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किए। अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता एवं रचनात्मकता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस जैसे अवसर विद्यार्थियों को विज्ञान के महत्व को समझने और नवाचार के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम हैं। इस अवसर पर आयोजन सचिव डॉ.नितेश जायसवाल, डॉ.शशिकांत यादव, डॉ.जान्हवी श्रीवास्तव, डॉ.नीरज अवस्थी, डॉ.अजीत सिंह, डॉ.वनिता सिंह, डॉ.संदीप वर्मा, डॉ.सुजीत चौरसिया सहित अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के मुख्य समारोह में प्रदान किए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों के सहयोग से कार्यक्रम का सफल संचालन संपन्न हुआ। यह आयोजन राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में विज्ञान के प्रति जागरूकता प्रसारित करने तथा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।