- कोतवाल ने पीड़ित महिला का कराया इलाज
जौनपुर धारा, जौनपुर। आए दिन सोशल मीडिया और मीडिया में पुलिस के अमानवीय चेहरे को लेकर लोग चर्चा करते हैं, लेकिन कोतवाली अंतर्गत एक गांव में एक ऐसा वाकया हुआ जहां पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया और हर जगह कोतवाली पुलिस की तारीफ हो रही है। पुलिस द्वारा एक पीड़ित महिला को परिजन द्वारा इलाज से इनकार किए जाने के बाद महिला के घर पहुंच कर उसे अस्पताल भेजवाकर उसका इलाज कराया गया। कोतवाली क्षेत्र के हुरहुरि गांव की सीमा पत्नी रजनीकांत श्रीवास्तव की तबीयत अचानक बिगड़ गई महिला की हालत गंभीर होने लगी लेकिन परिजनों द्वारा उसे अस्पताल ले जाने से इंकार कर दिया गया तभी किसी ने कोतवाल को फोन करके सूचना दे दी। कोतवाल आदेश त्यागी द्वारा तत्काल मौके पर एक महिला सिपाही और पुलिस फोर्स भेजकर महिला के घर एंबुलेंस मंगाई गई और तत्काल महिला को अस्पताल भेजवाकर उसका इलाज कराया गया। पीड़ित महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। महिला ने परिजनों के साथ छोड़ देने के बाद पुलिस द्वारा की गई मदद की सराहना की। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित महिला को इलाज के दौरान छटपटाता छोड़ देने वाले परिजनों को कोतवाली में तलब किया है।


