- जन चौपाल में ग्रामवासियों की सुनी समस्या, दी योजनाओं की जानकारी
जौनपुर धारा, जौनपुर। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात, उत्तर प्रदेश दिनेश प्रताप सिंह द्वारा प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर, सिकरारा में जन चौपाल का आयोजन करते हुए शासन की मंशा अनुरूप आम जनमानस की समस्याओं को सुना और शासन/प्रशासन द्वारा आम जनमानस के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में ग्रामवासियों को (मनरेगा, पेंशन, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड आदि) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार के सहयोग से समाज के सभी वर्ग के लिए प्रमुख योजनाएं शुरू की गई है जिसका लाभ पात्र लाभार्थियों को प्राप्त हो रहा है। राज्यमंत्री द्वारा चौपाल में उपस्थित समस्त अधिकारीगण को निर्देशित किया कि अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं को शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को अवश्य उपलब्ध कराएं और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करें। इस दौरान राज्यमंत्री द्वारा प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर में लगाए गए स्टाल का अवलोकन किया और सरोज, प्रीति, नगीना यादव की गोदभराई की और बच्चों (अनिरुद्ध मिश्रा और मानसी) का अन्नप्राशन कराते हुए आशीर्वाद दिया। इस दौरान आंगनबाड़ी द्वारा बनाए गए भेज्य पदार्थों को चखा और प्रभारी सीडीपीओ नाहिद खान सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्री की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी साई तेजा सीलम ने कहा कि आंगनबाडी द्वारा 6 माह तक के बच्चो को दी जाने वाली दलिया, चने की दाल, चावल आदि का वितरण किया जा रहा है। चौपाल में एमएलसी बृजेश सिंह (प्रिंशु), भाजपा अध्यक्ष जौनपुर पुष्पराज सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मम्मन यादव, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक अजय पाल शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. लक्ष्मी सिंह, उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर माज अख्तर, पीडी जयकेश त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी बीबी सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी आरडी यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल, जिला सेवायोजन अधिकारी राजीव सिंह, जिला उद्यान अधिकारी ममता सिंह यादव, अध्यापक अमित सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।



