- निष्पक्ष जाँच हेतु केस क्राइम ब्रांच को सौंपने की मांग
जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाने वाला मामला सामने आया है। पीड़िता एकता देवी ने उच्चाधिकारियों को लिखित प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई है कि उनके मामले की निष्पक्ष जाँच के लिए इसे स्थानीय थाने से हटाकर क्राइम ब्रांच को स्थानांतरित किया जाए। पीड़िता का आरोप है कि उनके ससुराल पक्ष का पेट्रोल पंप (शगुन फिलिंग स्टेशन) थाने के पास होने के कारण पुलिस का वहां नियमित आना-जाना है, जिससे स्थानीय पुलिस के निष्पक्ष होने पर उन्हें गहरा संदेह है। 09 मार्च 2026 को दिए गए इस पत्र में पीड़िता ने बताया कि वह अपनी 6 माह की पुत्री के साथ न्याय के लिए भटक रही हैं। आरोप है कि ससुराल वालों ने उन्हें घर से निकाल दिया है और पुलिस उन्हें सुरक्षा या घर में प्रवेश दिलाने में नाकाम रही है। पीड़िता एकता देवी ने महोदय से करबद्ध प्रार्थना की है कि मुकदमा अपराध संख्या 79/2026 की विवेचना तुरंत क्राइम ब्रांच को सौंपी जाए ताकि उन्हें और उनकी छोटी बच्ची को न्याय मिल सके।



