जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बुजुर्गा गांव में एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
उक्त गांव निवासी ओमप्रकाश गौतम(46) घर से निकले थे। लगभग 6:30 बजे गांव का एक 15वर्षीय किशोर खेत में पानी भरने गया तो उसने नीम के पेड़ पर ओमप्रकाश को लटकते देखा।
परिजन मौके पर पहुंचे और ओमप्रकाश को जिंदा समझकर पेड़ से उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। महिलाएं और बच्चे बिलखने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो बेटे और दो बेटियां हैं।
केराकत प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के सोहनी गांव निवासी वादी छोटेलाल सरोज के प्रार्थना पत्र पर चल रहे मुकदमे में कोर्ट ने सख्ती दिखाते हुए प्रभारी निरीक्षक केराकत त्रिवेणी सिंह की गिरफ्तारी का वारंट जारी कर दिया है। मामला एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं से जुड़ा है।
मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) की अदालत में हो रही है। कोर्ट में पुलिस द्वारा चार्जशीट दाखिल होने के बाद आरोपी त्रिवेणी सिंह को सम्मन और वारंट भेजा गया, लेकिन इसके बावजूद वह अदालत में हाजिर नहीं हुए। अदालत ने अनुपस्थित रहने को गंभीर मानते हुए अब गिरफ्तारी वारंट जारी किया है और अगली तारीख 17 अक्टूबर तय की है। वादी छोटेलाल सरोज का आरोप है कि 7 अगस्त 2020 की सुबह 11 बजे तत्कालीन चौकी प्रभारी थानागद्दी त्रिवेणी सिंह ने पुलिसकर्मियों को भेजकर उसे चौकी बुलवाया। वहां जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए बेरहमी से पीटा गया। आरोप यह भी है कि चौकी इंचार्ज ने धमकाकर 30 हजार रुपये की वसूली की और यह चेतावनी दी कि यदि घटना की जानकारी कहीं दी तो जान से मार देंगे। इसके पहले वादी की बहू द्वारा अलग-अलग प्रार्थना पत्रों के जरिए वादी पर गंदी नियत रखने और उसके बेटे-बहू पर दहेज के लिए मोटरसाइकिल मांगने का आरोप लगाया गया था। वादी के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट के आदेश से 23 मार्च 2021 को तत्कालीन चौकी इंचार्ज त्रिवेणी सिंह समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। विवेचना के बाद पुलिस ने त्रिवेणी सिंह के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट, मारपीट व अन्य धाराओं में चार्जशीट दाखिल की। कोर्ट ने आरोपी को कई बार सम्मन व वारंट भेजा, लेकिन पेशी नहीं होने पर अब गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
सवारियों को लेकर रोडवेज बसों में मची रेस, यात्री हुए हलकान
सरपतहां। शाहगंज बस डिपो से निकली दो बसों में सवारियों को लेकर लगी रेस के चलते यात्रियों की जान सांसत में पड़ी रही। बाद में पुलिस व एआरएम (सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक) के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
शाहगंज बस स्टॉप से शाहगंज डिपो व सुल्तानपुर डिपो की बसें लखनऊ जाने के लिए तैयार थीं। वहां मौजूद सहायक यातायात निरीक्षक अखिलेश कुमार का निर्देश था कि पंद्रह सवारी से कम लेकर कोई बस नहीं निकलेगी। उस समय सुल्तानपुर डिपो की बस में लगभग दस सवारियां मौजूद थीं जब कि शाहगंज डिपो की बस में इक्का दुक्का ही थीं। आरोप है कि यातायात निरीक्षक सुल्तानपुर डिपो की कुछ सवारियों को शाहगंज डिपो में बैठाकर उसी में सवार हो गए। जिसके बाद सुल्तानपुर डिपो के चालक व परिचालक आक्रोशित होकर अपनी बस शाहगंज डिपो के आगे लेकर चल दिए और शहर से बाहर निकलते ही दोनों बसों में रेस शुरू हो गई। आरोप है कि आगे आठ किमी दूर स्थित सरायमोहिउद्दीनपुर बाजार में शाहगंज डिपो के चालक ने सुल्तानपुर डिपो की बस को साइड मार दिया। जिससे उसका शीशा टूट गया। दोनों बसों के मुख्य चौराहे पर ही भिड़ जाने से वहां जाम लग गया। लेकिन इसी बीच बगल स्थित पुलिस चौकी से पुलिस को आता देख शाहगंज डिपो का चालक अपनी बस लेकर खिसक गया।
पिता ने पुत्र को कुल्हाड़ी से मारकर किया घायल, हालत नाजुक
जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत अरगुपुर गांव में मामूली विवाद के चलते नाराज पिता ने आवेश में आकर अपने ही पुत्र के ऊपर कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने उक्त घायल युवक को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
बीबीगंज चौकी क्षेत्र के अन्तर्गत अरगुपुर कला गांव में बुधवार की रात मामूली कहासुनी के दौरान मुन्नीलाल ने किसी बात से नाराज़ होकर घर में रखा कुल्हाड़ी से अपने 32वर्षीय पुत्र शैलेंद्र को मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की जानकारी होने पर परिजनों ने आनन-फानन में इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उक्त घायल युवक की हालत गंभीर देख बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। वहीं मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को नहीं दिया।
दुर्घटना में घायल किशोर की दौरान मौत
मडियाहूं। बुधवार को सड़क दुर्घटना में घायल किशोर की वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बुधवार की दोपहर में मड़ियाहूं मिर्जापुर रोड पर रानीपुर में बाइक व डीसीएम की हुई। टक्कर में बाइक सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसकी वाराणसी में उपचार के दौरान रात में मौत हो गई। मड़ियाहूं पावर हाउस के पास रानीपुर गांव निवासी रुद्र कुमार गुप्ता पुत्र धीरज गुप्ता 14वर्ष बुधवार को दोपहर में बाइक से मड़ियाहूं बाजार से अपने घर जा रहा था। विपरीत दिशा से आ रही डीसीएम की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसका उपचार वाराणसी में चल रहा था।
बसपा की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न
जौनपुर। बहुजन समाज पार्टी की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में बसपा संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस ९अक्टूबर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि पूर्व विधान परिषद सदस्य और प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी के मुख्य मंडल प्रभारी मंडल दिनेश चंद्रा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अवनीश कुमार ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ.विनोद कुमार, शोभनाथ चौधरी, अनिल कुमार गौतम, अमरनाथ, ओमप्रकाश गौतम और सुरेंद्र गौतम जिला प्रभारी मौजूद रहे। संचालन जिलाध्यक्ष डॉ.संग्राम भारती ने किया। बैठक में अजय कुमार भारती, इस्तेयार खान, डॉ.अनिल शर्मा, चन्द्रेज भारती, जयनाथ बिंद, साहब लाल, आरडी निराला, सिरजू प्रसाद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। आरिफ अहमद ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर महफूज आलम, सोनू मोजम, मोहम्मद सईद, अजीम, अब्दुल्ला, दिलदार उर्फ मारकंडे, अकरम, मोहम्मद असलम, हाजी इश्तियाक, डॉ.भारत, बालकिशन समेत कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
एसयूवी और टेम्पो की टक्कर में चालक समेत दो घायल
शाहगंज। तहसील क्षेत्र सुल्तानपुर मार्ग स्थित जहीरूद्दीनपुर गांव के समीप सड़क दुघर्टना में तेज रफ्तार एसयूवी और टेंपो में टक्कर हो गई। जिसमें चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सरपतहां थाना क्षेत्र के अन्तर्गत जहीरुद्दीनपुर गांव के समीप गुरुवार की दोपहर में सुरापुर बाजार निवासी 22वर्षीय शिवम अग्रहरि पुत्र रमेश अग्रहरि अपनी टेंपो में सवारी बैठाकर सुरापुर की तरफ जा रहे थे। सामने से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी से टेंपो की टक्कर हो गया। जिसके चलते चालक शिवम व सरपतहा थाना क्षेत्र के अतरडीहा गांव निवासी 20वर्षीय पिंकी पुत्री रामधारी गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया।
तालाब में डूबने से बालक की मौत
जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के भदराव गांव में बुधवार की शाम को तालाब में गई भैंस निकालने गया 10वर्षीय बालक पानी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तालाब में शव निकालने का प्रयास किया। करीब आठ घंटे बाद उसका शव पानी में उतराया मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया। गांव निवासी अनिल सिंह का 10 वर्षीय पुत्र सिंघम सिंह बुधवार की शाम को चरने के लिए भैंस छोड़ा था। भैस तालाब में चली गयी। शाम होने की वजह से बालक भैंस निकालने के लिए तालाब में उतर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भैंस पानी से निकल कर घर पहुंच गई लेकिन सिंघम घर नहीं पहुंचा। कुछ देर देखने के बाद जब वह नहीं आया तो परिजन परेशान हो गए और उसे आसपास खोजने लगे। लेकिन वह मिला। परिजन इसकी सूचना थाने पर दी, उधर पुलिस भी खोजन में लगी थी और परिवार के लोग भी खोज रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे तालाब में उसका शव उतराया हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार नही थे। पुलिस के समझाने के बाद सुबह आठ बजे पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। घटना के बाद माता पूजा सिंह, सहित परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है।
मजदूर से मोबाइल लेकर ठग हुआ फरार
जौनपुर। बुधवार को जफराबाद रेलवे क्रासिंग के पास एक ठग मजदूर की मोबाइल लेकर फरार हो गया। मोबाइल जाने से वह परेशान है। घटना की सुचना पुलिस को दे दी गयी है।
जलालपुर क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी दिनेश कुमार अपने भतीजे के साथ साइकिल से मजदूरी करने जा रहा था। उसी समय एक बाइक सवार आया। उसने दोनो को रोककर बोला कि उसके घर पर मिट्टी फेंकने का काम है। दिनेश ने कहा कि उसके पास समय नही है। तब उस युवक ने कहा कि जब अपने काम से वापस आना तब एक दो घण्टे में मिट्टी को फेंक देना। जो पैसा होगा हम दे देंगे। उसने दिनेश से बोला चलो मेरे बाइक पर बैठो तुम्हे अपना घर दिखा दें। दिनेश बाइक पर बैठ गया। थोड़ी दूर जाने के बाद बाइक सवार युवक दिनेश को उतार कर बोला यही रुको मैं एक सामान भूल गया हूं। लेकर आता हूं। वह वहां से सीधे जितेंद्र के पास गया। बोला मोबाइल दे दो तुम्हारे चाचा दिनेश मोबाइल मांग रहे है। वह मोबाइल दे दिया, बॉइक सवार ठग मोबाइल लेकर भाग गया।
सिलेंडर कालाबाजारी में जेल गए राम मिलन यादव
जौनपुर। महाराजगंज थाना क्षेत्र के गद्दोपुर निवासी राम मिलन यादव को सिलेंडर कालाबाजारी के मामले में अदालत ने जेल भेज दिया। मामला वर्ष 2007 का है, जब पूर्ति निरीक्षक राजकरण सिंह ने छापेमारी कर भारी संख्या में सिलेंडर बरामद किया था। जांच में पता चला कि सिलेंडर कालाबाजारी के लिए रखे गए थे। इस पर 14 दिसंबर 2007 को महाराजगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 503/2007, धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के तहत दर्ज हुआ।
लंबी सुनवाई के बाद अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम प्रदीप्ति सिंह ने 19 फरवरी 2021 को राम मिलन यादव को दोषी करार देते हुए एक वर्ष का साधारण कारावास और 3000रूपये जुर्माना की सजा सुनाई थी। जुर्माना न देने की स्थिति में एक माह की अतिरिक्त कैद का प्रावधान रखा गया था। सजा के खिलाफ अभियुक्त ने अपर जिला जज चतुर्थ की अदालत में अपील की। सुनवाई के बाद अपर जिला जज चतुर्थ/स्पेशल जज ईसी एक्ट मो. शर्रिक सिद्दीकी ने 11 सितंबर को फैसला सुनाते हुए निचली अदालत के आदेश को बरकरार रखा। आज अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम मुकीम अहमद ने आदेश के अनुपालन में राम मिलन यादव को जेल भेज दिया। इस प्रकरण में अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक ईसी एक्ट, एडवोकेट राजेश श्रीवास्तव (बच्चा भइया) ने पैरवी की।


