जौनपुर धारा, जौनपुर। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) कानपुर के पत्र के क्रम में जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने अवगत कराया है कि भारत सरकार के एडिप योजना के अन्तर्गत जनपद में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों हेतु नि:शुल्क वितरण परीक्षण शिविर आयोजन 24 जून से 1 जुलाई तक किया जायेगा, जिसमें तहसील मुख्यालय सदर में 24 जून को, तहसील केराकत में 26 जून, तहसील बदलापुर में 27 जून, तहसील मछलीशहर में 28 जून, तहसील शाहगंज में 30 जून एवं 1 जुलाई को तहसील मड़ियाहॅू में आयोजित किया जायेगा। उपर्युक्त चिन्हांकन शिविर में दिव्यांगजनों के आवश्यकता अनुरूप सहायक उपकरण हेतु चिन्हांकन किया जायेगा। चिन्हांकन हेतु दिव्यांगजनों को पहचान प्रमाण-पत्र (आधार कार्ड, मतदाता कार्ड, राशन/बीपीएल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस), दिव्यांगता प्रमाण-पत्र सक्षम अधिकारी द्वारा जारी न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता का प्रमाण पत्र, आय प्रमाण-पत्र जिनकी सभी स्रोतों से मासिक आय रुपए 22500/-प्रति माह से कम हो व राजस्व विभाग, सांसद/विधायक एवं ग्राम प्रधान द्वारा प्रदत्त आय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है।
― Advertisement ―

