जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चौकियां धाम में जुआ खेलने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, थाना लाइन बाजार पुलिस ने चौकियां मंडी परिषद क्षेत्र में छापेमारी कर विशाल यादव पुत्र चंद्रशेखर यादव निवासी महंगूपुर सहित पांच लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा। ये वही युवक हैं जिनका जुआ खेलते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना लाइन बाजार में मु0अ0सं0-411/2025, धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में ऐसे अवैध कार्यों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जुआ-सट्टा में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
श्री रामजानकी मठ सूरज घाट पर मनाया गया अन्नकूट महोत्सव
जौनपुर। कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा के पावन अवसर पर नगर के श्री रामजानकी मठ, सूरज घाट पर अन्नकूट महोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर महंत श्रीश्री1008 नरसिंह दास महाराज के सानिध्य में भगवान श्रीराम-जानकी का षोडशोपचार पूजन किया गया।
पूजन के पश्चात पूज्य महराज जी ने भगवान के मंगल विवाह प्रसंग से संबंधित चौपाइयों का भक्ति भाव से गुणगान किया और भगवान को छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया। तत्पश्चात भव्य मंगल आरती संपन्न की गई।
पूरे मठ परिसर में जय श्रीराम और हरि नाम संकीर्तन के जयघोष गूंजते रहे। कार्यक्रम के अंत में हजारों भक्तों ने अन्नकूट प्रसाद ग्रहण किया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत, दो की हालत गंभीर
जौनपुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार चल रहा है। संबंधित थानों की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव कब्जे में लेकर प्रक्रिया पूरी की।
जलालपुर थाना क्षेत्र के लालपुर गांव निवासी 32वर्षीय राकेश गौतम बक्शा थाना क्षेत्र के बेलछा गांव निवासी धीरज गोंड को मंगलवार की रात बाइक से घर छोड़ने जा रहे थे। जौनपुर-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब आठ बजे बक्शा थाना क्षेत्र के फतेहगंज बाजार के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हेलमेट नहीं लगाए होने से सिर में गंभीर चोटें आने से राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा धीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से धीरज गोंड को जिला अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष बक्शा विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया मुकदमा दर्ज कर दोनों वाहनों को कब्जे में लिया गया है। एक अन्य हादसा सोमवार की रात बंधवा-तेजी बाजार मार्ग पर महराजगंज थाना क्षेत्र के बनबहा गेट के पास हुआ। बनबहा गांव निवासी पेशे से दिहाड़ी मजदूर 35 वर्षीय नागेंद्र गौतम गांव के ही धर्मेन्द्र के साथ बाइक से सराय पड़री बाजार दीपावली पर बच्चों के लिए पटाखा खरीदने गए थे। लौटते समय बंधवा-तेजी बाजार मार्ग पर बनबहा गेट से 100मीटर पहले अंधा मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन से बचने में तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे खड्ड में पेड़ से टकरा गई। बाइक चला रहे नागेंद्र गौतम की मौके पर ही मौत हो गई। धर्मेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने धर्मेंद्र को जिला अस्पताल भेजा।
ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की हुई मौत
जौनपुर। जिले में मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की जान चली गई। दुर्घटनाएं जलालपुर व चंदवक थाना क्षेत्र के पतरहीं हाल्ट स्टेशन के पास हुई।
जलालपुर बाजार निवासी 45वर्षीय म्यूजिक सिस्टम(डीजे) संचालक अनिल कुमार अग्रहरि दिन में करीब तीन बजे वाराणसी-जफराबाद रेल प्रखंड पर जलालगंज स्टेशन के पास गया था। अप लाइन ट्रैक पार करते समय ट्रेन से धक्का लगने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का पता लगते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृत अनिल कुमार अग्रहरि के दो पुत्री व एक पुत्र हैं। सभी अविवाहित हैं। अनिल अग्रहरि की मौत से परिवार बेसहारा हो गया है। पत्नी व बच्चों की आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर प्रक्रिया पूरी की। एक अन्य हादसा डोभी-जौनपुर रेल प्रखंड पर चंदवक थाना क्षेत्र के पतरहीं हाल्ट स्टेशन के पास हुआ। युवक रेल पटरी पार कर रहा था, तभी गाजीपुर की तरफ से आ रही सुहेलदेव एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृत युवक की पहचान आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना के नरवां गांव निवासी 35वर्षीय दीपक यादव के रूप में हुई। सूचना पर रोते-बिलखते स्वजन आ गए।


