जमीनी पट्टा घोटाले की जांच की मांग
जौनपुर धारा,सोनभद्र। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र ग्राम पंचायत बेलछ, ब्लॉक छपका, राबर्टसगंज स्थित टेढ़ुआ नाला पर खेतों की सिंचाई के लिए बांध निर्माण की मांग और ग्राम पंचायत जुगैल के बड़का डाड़ में 18आदिवासियों की जोत-कोड़ जमीन को गलत लोगों के नाम से पट्टा किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इन दोनों गंभीर मामलों को लेकर आदिवासी विकास मंच एवं इंटक सोनभद्र के प्रतिनिधिमण्डल ने जिला अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। हरदेवनारायण तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2016 से बेलछ, रुदौली, मकरीबारी क्षेत्र की लगभग 25,000आबादी के जीवनयापन के लिए 25,000बीघा भूमि की सिंचाई हेतु टेढ़ुआ नाला पर बांध निर्माण की मांग की जा रही है। मुख्यमंत्री, सिंचाई मंत्री और जिला प्रशासन को कई बार ज्ञापन दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता एवं लघु सिंचाई विभाग द्वारा स्थल निरीक्षण भी किया गया। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो सकी है। इससे आदिवासी समुदाय में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इस दौरान बृजेश तिवारी ने बताया कि जुगैल के बड़का डाड़ में 18 आदिवासियों की जमीन को गलत लोगों के नाम पट्टा करना एक बड़ा घोटाला है। यदि समय रहते इसकी मजिस्ट्रेट स्तर पर जांच नहीं कराई गई, तो उंभा जैसी घटना को नकारा नहीं जा सकता। वहीं, आदिवासी विकास मंच के सह-संयोजक हरिशंकर गौड़, शमीम अख्तर खान और राजाराम भारती ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि प्रशासन ने इन दोनों मामलों में शीघ्र कार्यवाही नहीं की, तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में मुख्यरूप से इंटक के वरिष्ठ जिलाउपाध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता बृजेश तिवारी, शमीम अख्तर खान, हरिशंकर गौड़, राजाराम भारती, रामजिआवन गौड़, चंदर, शिवपूजन, कौशल्या देवी, कुंती देवी, मुन्नी देवी, शिवकुमारी देवी, सुखनी देवी, सुरेंद्र सहित आदि लोग शामिल रहें।



