- आरटीआई कार्यकर्ता को प्रधानपति ने धमकाया
जौनपुर धारा, सरायख्वाजा। शाहगंज विकास खंड के मेहरावां ग्राम प्रधान रानी सिंह के खिलाफ जांचोपरांत आरटीआई एक्ट में अनेक बिन्दुओं पर मांगी गई जानकारी को सही तरीके से न उपलब्ध कराने और आधी अधूरी जानकारी देने का गंभीर आरोप खंड विकास अधिकारी पर लगाया गया है। ज्ञातव्य है कि आरटीआई कार्यकर्ताओं महेन्द्र बिन्द एडवोकेट एवं सुरेन्द्र सिंह ने मेहरावां ग्राम प्रधान रानी सिंह पर मनरेगा योजना में कराये गये कार्यों एवं खेल कूद मैदान व तीन परिषदीय विद्यालयों में काया कल्प योजना की जानकारी के साथ-साथ गांव की आंगनवाड़ी कार्यकत्री अनुसीता सिंह के सम्बन्ध में जनसूचना अधिकार अधिनियम 2005 के तहत सूचना मांगी थी लेकिन विकास खंड अधिकारी नन्दलाल एवं पंचायत अधिकारी भेले यादव तथा आंगनबाड़ी सुपरवाइजर ने समय सीमा निर्धारित के बाद आगे अपील करने पर उपलब्ध कराया वह भी तथ्यों को छिपा कर आधी अधूरी दिया है। सूचना मांगे जाने से खफा प्रधान पति अनिल सिंह व उनके भाई प्रदीप सिंह ने महेंद्र विन्द एडवोकेट आरटीआई कार्यकर्ताओं पर गत दिनों लपरी गांव के पास जानलेवा हमला कर घायल कर दिया जिसकी एफआईआर थाने में दर्ज किया था। आरटीआई कार्यकर्ताओं महेन्द्र बिन्द एडवोकेट एवं सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि विकास खंड अधिकारी एवं पंचायत अधिकारी तथा आंगनबाड़ी सुपरवाइजर प्रधान पति अनिल सिंह के प्रभाव के कारण सही जानकारी नहीं देते हैं उन्होंने जनसूचना अधिकारियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और प्रदेश के जनसूचना आयोग लखनऊ में याचिका दायर की है। पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर दोनों लोगों ने प्रधान पति से अपनी जान माल की सुरक्षा की मांग की है।



