- पिस्टल, गहने और नकदी उड़ायी
जौनपुर धारा, खुटहन। डिहिया गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बना दिया। आलमारी में रखी लाइसेंसी पिस्टल, नकदी और हजारों के गहने चोरों ने पार कर दिया। मौके पर डाग स्क्वायड टीम भी पहुंची लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। तीनों भुक्तभेगियों ने थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ तहरीर दी है। गांव निवासी उमेश सिंह अपनी पिस्टल लोहे की आलमारी में रख उसकी चाबी दीवार में लगी खूंटी में टांग दिए थे। परिवार के लोग अन्दर आंगन में और उमेश घर के सामने बरामदे में सो गए। रात में अज्ञात चोर आलमारी खोल उसमें रखा पिस्टल व वहीं खूंटी में टंगे पैंट की पर्स से सात सौ रूपए पार कर दिया। यहां से निकल चोर बगल पड़ोस के राजेश सिंह के घर में घुस गये। कमरे में रखा बाक्स खोल उसमें से एक सोने की बाली और पांच हजार नकदी उड़ा दिया। यहां से हौसला बुलंद चोर बगल रवीन्द्र सिंह के घर के अन्दर घुस गये। कमरे में टंगे पैंट की पर्स से एक हजार रूपए निकाल चोर गायब हो गए। इसकी भनक तीनों परिवारों में किसी को भी नहीं लगी। सुबह उमेश आलमारी खुली देख तलाश किए तो पिस्टल नदारद थी। शोर होने पर सब अपने अपने घरों की तलाशी शुरू कर दी। तब ज्ञात हो सका कि चोर तीनों घरों को निशाना बना चुके हैं। चोर तीनों घरों में किन स्थानों से घुसे यह ज्ञात नहीं हो सका। सुबह सभी घरों के मुख्य दरवाजे रोज की तरह बंद पाये गये। कयास लगाए जा रहे हैं कि चोर घरों के पीछे से उतर चोरी करने के बाद फिर उसी रास्ते वापस लौट गए होंगे। डाग स्क्वायड भी कुछ संकेत नहीं दे सका। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर योगेन्द्र का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है छानबीन की जा रही है।