जौनपुर धारा,जौनपुर। मंगलवार से चैत्र नवरात्र शुरू हो गया। पहले दिन घरों में कलश स्थापना और दर्शन-पूजन में लोग व्यस्त रहे। शीतला चौकिया धाम, मैहर देवी मंदिर शास्त्रीनगर परमानतपुर समेत सभी देवी मंदिरों में लोग दर्शन-पूजन करने वालों की भीड़ उमड़ी रही। सांचे दरबार की जय की गूंज से मन्दिर परिसर गूंजायमान रहा।

शीतला चौकिया धाम में तड़के सुबह से ही दर्शन पूजन करने वाले पहुंच गए थे। 4:40 बजे पुजारी ने मां की मंगला आरती की। इसके बाद कपाट खोल दिया गया। दर्शन-पूजन का सिलसिला रात साढ़े नौ बजे तक चलता रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर चौकियां चौकी की पुलिस बल मंदिर परिसर की लगातार चक्रमण करती रही। यही स्थिति मैहर माता मंदिर में देखने को मिली। मन्दिर का कपाट खुलने के बाद मातारानी का आरती पूजन होने के पश्चात भक्तजनों ने मातारानी के दरबार नारियल चुनरी प्रसाद फूल चढ़ाकर दर्शन पूजन किया। शहर के इन दोनों प्रमुख मंदिरों में पूर्वांचल के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। भीड़ को देखते हुए मंदिर के सभी कपाट खोल दिए गए। धाम परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित कर लगातार भीड़ को नियंत्रित करने की अपील होती रही। सीसी टीवी कैमरा की मदद से पुलिस निगहबानी कर रही थी। इसी तरह सद्भावना पुल के बगल स्थित नव दुर्गा मंदिर, ओलंदगंज में चौरा माता मंदिर, पांचों शिवाला, बारीनाथ मठ, जागेश्वर नाथ मंदिर, ओलंदगंज के चौरा माता मंदिर, हनुमान घाट, अचला देवी घाट समेत विभिन्न मंदिरों में भी महिलाएं और पुरुषों ने देवी को जल चढ़ाया। मंदिर के प्रबंधक ने बताया कि चैत्र नवरात्र में मां की विशेष पूजा होती है यहां से दर्शन करने के बाद लोग विंध्याचल जाते हैं। यज्ञ हवन पूजन वैदिक मंत्रोच्चारण मातारानी के जयकारो से सारा वातावरण भक्तिमय हो गया। मातारानी के दर्शन पूजन के लिए दूर-दराज से आने वाले दर्शनार्थियो की लम्बी कतार लगी रहीं। भक्ति गीतों व घण्ट-घड़ियाल की आवाज से वातावरण देवीमय हो गया। उधर लोगों ने अपने-अपने घरों पर कलश स्थापना कर नौ दिवसीय देवी पूजा शुरू कर दिया। प्रात: उठकर स््नाान आदि करके तमाम लोगों ने दुर्गा मंदिरों में जल चढ़ाया।
- अक्षरा सिंह ने किया दर्शन

जौनपुर धारा, जौनपुर। शीतला धाम चौकिया में चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन चौकिया धाम से लेकर काली माता मंदिर तक दो लाइन लगी रही। इसी दौरान भोजपुरी सिने स्टार अक्षरा सिंह, अंशुमान सिंह, प्रोड्यूसर अविनाश एमपी सिंह, विद्या सिंह, अमित शुक्ला ने भी चौकिया धाम पहुंचकर दर्शन किया।