Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरें एक नजर में...

खबरें एक नजर में…

एक ही रात तीन ट्यूबवेल पर लगे स्टेबलाइजर उठा ले गए चोर

जौनपुर धारा, खुटहन। स्थानीय थाना क्षेत्र के दो अगल-बगल गांवो में शुक्रवार की रात ट्यूबवेल के कमरों का ताला चटकाकर चोर तीन स्टेबलाइजर उठा ले गए।एक जगह से दो क्विंटल खाद्यान्न भी पार कर दिया। पीड़ितों ने घटना की सूचना थाने पर दे दिया है। आरोप है कि एक पखवाड़ा पूर्व भी इसी तरह से चोरी हुई थी। सूचना के बाद भी पुलिस ने कोई सक्रियता नहीं दिखाई। कम्मरपुर गांव निवासी डॉक्टर गौतम की ट्यूबवेल का ताला चटकाकर चोर एक पखवाड़ा की भीतर दूसरी बार स्टेबलाइजर उठा ले गए। यहां रखा दो क्विंटल खाद्यान्न भी गायब है। इसी गांव के राजेश गौतम के ट्यूबवेल और बगल गांव बेसहूपुर निवासी प्रवेश तिवारी पिन्टू की ट्यूबवेल के दरवाजे का ताला चटकाकर चोर स्टेबलाइजर पार कर दिए। ताज्जुब यह है कि चोर स्टेबलाइजर के बाहरी आवरण को घटनास्थल के बगल फेंक भीतर के उपकरण ही ले गए। पहली बार भी इसी तरह से चोरी हुई थी।

बाजारवासियों ने किया विरोध प्रदर्शन

जौनपुर धारा, जौनपुर। सिरकोनी बाजार में शनिवार को व्यापार मण्डल सिरकोनी के अध्यक्ष राम के नेतृत्व में बाजारवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। सिरकोनी बाजार के नेशनल हाईवे पर नाला बनाकर छोड़ दिया गया जिससे आये दिन लोग गिरकर घायल हो रहे है। राम ने कहा कि सड़क के किनारे नाला बनाकर छोड़ दिया गया। अगर हम लोगों की समस्या का समाधान नही होगा तो हम उच्च स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर संतोष जायसवाल, डॉ.पुरुषोत्तम, गौरव निगम, गोलू अग्रहरि, रामचन्द्र सोनकर, शिवानन्द रॉय, रामेश्वर निगम आदि लोग रहे।

खण्ड विकास अधिकारी ने पांच स्कूलों का किया निरीक्षण

जौनपुर धारा, जौनपुर। खण्ड विकास अधिकारी अस्मिता सेन ने पांच स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोंडा,जगदीशपुर,बहरीपुर, कोतवालपुर तथा प्राथमिक पाठशाला हौज का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय मे अंकित रजिस्टर पर छात्रों की संख्या, मौके पर उपस्थित छात्रों की संख्या, मिड डे मील, कितने बच्चों को डीबीटी मिली तथा मेनू के हिसाब से भोजन बन रहा है कि नहीं, कुपोषित, अति कुपोषित बच्चों के विषय में जानकारी लेते हुए उचित दिशा निर्देश दिया। उन्होंने कहा जिला अधिकारी के आदेश पर यह निरीक्षण का कार्यक्रम चल रहा है। पूरे ब्लॉक में हर विद्यालय पर निरीक्षण करके सारी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को देना है।

एक ही रात चार घरों में चोरी, लोगों में पुलिस के खिलाफ रोष

जौनपुर धारा, जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के दो गावों से चोर एक ही रात में चार घरों से अज्ञात चोरों ने बाइक सहित स्टेपलाइजर चोरी कर ले गए। मछलीगांव और मसनपुर में चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया। शनिवार की सुबह पीड़ितों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। चोरी की घटनाओं के लेकर क्षेत्र के लोगों में पुलिस के खिलाफ रोष पनप रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मसनपुर गांव निवासी सुरेन्द्र गौतम का परिवार शुक्रवार की रात खाना खाकर सो गया। रात में अज्ञात चोरो ने मडहा मे खड़ी होंडा साइन बाइक चुरा ले गए। सुबह परिवार के लोग उठे तो देखा बाइक गायब थी। थोड़ी देर बाद अनिल मिश्रा के यहां भी चोरी की सूचना मिली। अनिल ने बताया कि उनके घर पर लगा स्टेपलाइजर अज्ञात चोरों ने चुरा लिया। वहीं मछलीगांव निवासी भभूति निषाद के पम्प मशीन से अज्ञात चोरों ने ताला काट कर स्टेपलाइजर चुरा ले गए इसी गांव में स्थित संतोष निषाद के पम्प मशीन का ताला काटकर स्टेपलाइजर चोरी का असफल प्रयास किया।

रोजगार मेले में 310 का चयन 765 ने किया प्रतिभाग

जौनपुर धारा, जौनपुर। सिद्दीकपुर में राजकीय आई.टी.आई परिसर में शनिवार को विकास खंड स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया गया,जिसमें 765से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया। साक्षात्कार में 310सफल प्रतियोगियों का चयन मौके पर उपस्थित कंपनियों द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव प्रतिनिधि अजय सिंह, विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख

प्रतिनिधि सुनील यादव मम्मन, मण्डल अध्यक्ष भाजपा राजकेसर पाल विकास खण्ड के बीडीओ रामदुलार, मंत्री के प्रतिनिधि ने कहा कि प्रधानमंत्री के कौशल विकास मिशन द्वारा विकास खंड स्तर पर दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के अंतर्गत आयोजित रोजगार मेला से बेरोज़गारों को अत्यधिक लाभ मिल रहा है। आज के युवा को इस रोजगार मेला की अत्यधिक आवश्यकता है। सरकार के द्वारा चल रही योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए किए गए कार्यों की सराहना की ।कौशल विकाश मिशन राजकीय आई टी आई, जिला सेवायोजन विभाग के तत्वाधान में विकास खंड स्तरीय निःशुल्क रोजगार मेला का आयोजन कराया जा रहा है। जो कि 31 जनवरी 2024 तक सभी ब्लाक में क्रमशः लगाया जाएगा। करंजाकला ब्लॉक में आयोजित रोजगार मेला में विभिन्न क्षेत्रों की 27 कंपनियों ने साक्षात्कार करके 310 अभ्यर्थियों का चयन किया। इस अवसर पर जिला समन्वक कौशल विकास मिशन/राजकीय आई.टी.आई.के प्रिन्सिपल मनीष कुमार पाल मेला प्रभारी जिला कार्यक्रम प्रबंधक कौशल विकाश मिशन प्रभात पाण्डेय, प्रभारी कार्यदेशक अखिलेश कुमार सिंह, आफताब, सुनील कुशवाहा रोहित सिंह आईटीआई के अनुदेशक एवं कौशल विकास मिशन के जिला कौशल प्रबंधक अनूप पाण्डेय समेत सभी कंपनियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कट्टा व कारतूस के साथ एक युवक गिरफ्तार

जौनपुर धारा, सिकरारा। जनपद में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध सघन अभियान के क्रम में आज सिकरारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर महुआ वीर बाबा मंदिर स्थित ग्राम कलवारी से मंगला यादव पुत्र बहादुर यादव निवासी ग्राम कलवारी,थाना सिकरारा को एक अदद नजायज देशी तमंचा 315 बोर व एक अदद जिंदा कारतूस 315 बोर के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना अध्यक्ष राजाराम द्विवेदी, उप निरीक्षक कश्यप कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल विनोद यादव, हेड कांस्टेबल अवधेश सिंह आदि शामिल रहे। गिरफ्तार अभियुक्त पर मुकदमा अपराधिक संख्या19/24, धारा3/25 आयुद्ध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।

बरसठी थाना पर पीड़ितों ने दर्ज कराई धोखाधड़ी का मुकदमा

जौनपुर धारा, बरसठी। डीएम कार्यालय में नियुक्ति के नाम पर लाखों रूपये लेने के मामले में पुलिस शुक्रवार को कौशल कुमार पांडेय के विरुद्ध दो मामले में 19 लाख रुपये से अधिक लेने पर धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

थाना के महुआरी गांव निवासी कृपाशंकर दुबे ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के कनावा गांव निवासी कौशल कुमार पांडेय पुत्र अकबाली ने मेरे भतीजे विद्युत कुमार दुबे को डीएम कार्यालय में नजारत या सफाई कर्मी के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर 13 लाख 50 हजार रुपये ले लिया। आरोप है कि भतीजे को फर्जी नियुक्ति पत्र देकर स्टाम्प लगे सादे पेपर पर हस्ताक्षर भी कराते गये। यह कहा गया कि हस्ताक्षर करते रहिए नौकरी पक्की हो गयी है। शंका होने पर पता किया गया तो मामला फर्जी निकला तो उनके होश उड़ गये। आरोप है कि विद्युत कुमार ने जब उनसे पैसा मांगा तो जान से मारने की धमकी दी गयी।कृपा शंकर ने मामले की शिकायत थानाध्यक्ष से की जिस पर पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 419,420,467,468,471,406,506, के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसी तरह चतुर्भपुर गांव निवासी नीरज दुबे से डीएम कार्यालय में सफाई कर्मी व उसकी पत्नी अंजू को आंगनबाड़ी में नौकरी दिलाने के लिए 9 लाख रुपये कौशल पांडेय ने ले लिया। आरोप है कि इन्हें भी फर्जी नियुक्ति पत्र दिया गया।पुलिस ने दोनों मामले में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है।इस सबन्ध में थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है, जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

युवती की संदिग्ध हालात में मौत, फांसी लगाने की चर्चा

जौनपुर धारा, जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चौकीपुर गांव में शनिवार की दोपहर युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को सूचना दिए और पोस्टमार्टम कराए बिना स्वजन ने आनन-फानन दाह संस्कार कर दिया। पास-पड़ोस में युवती के फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की चर्चा है। पुलिस ने अनभिज्ञता जताई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी मंगरू कश्यप की पुत्री नेहा कश्यप को किसी बात को लेकर स्वजन ने डांट-फटकार लगा दी। क्षुब्ध होकर वह दोपहर करीब 12.30 बजे घर की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में जाकर दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। काफी देर तक नीचे नहीं उतरी तो स्वजन देखने गए। दरवाजा भीतर से बंद मिलने पर आवाज लगाई। कोई प्रतिक्रिया न होने पर किसी तरह से दरवाजा खोला तो भीतर दुपट्टे से फंदे के सहारे शव लटका देख घर में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी जुट गए। स्वजन ने पुलिस को सूचना नहीं दी। फंदा खोलकर शव उतारा और ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। लाइन बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक किशोर कुमार चौबे ने कहा कि ऐसी किसी घटना की सूचना नहीं दी गई है।

सिकरारा में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस का पर्व

जौनपुर धारा, सिकरारा। स्थानीय क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा गणतंत्र दिवस का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। कई विद्यालयों द्वारा सुबह प्रभात फेरी निकाली गई। भारत माता की जय, सुभाष चंद्र बोस अमर रहे, महात्मा गांधी अमर रहे आदि के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। इसी क्रम में क्षेत्र के गुलजारगंज बाजार स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में भी गणतंत्र दिवस का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भरत लाल जायसवाल, पूर्व प्रधान अच्छेलाल सेठ,राजेंद्र प्रसाद प्रजापति, ओमप्रकाश सिंह, प्रदीप अग्रहरि, आशीष स्वर्णकार, ओमप्रकाश अग्रहरि, अजय अग्रहरि, प्रधान पंकज जायसवाल, अशोक कुमार उमर वैश्य, जितेंद्र अग्रहरि आदि कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक मंगला प्रसाद जायसवाल ने आए हुए सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके अलावा गुलजारगंज के बड़ौदा यूपी बैंक में बैंक के कर्मचारियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। सिकरारा थाने पर भी पुलिस कर्मियों द्वारा ध्वजारोहण का कार्य किया गया। इस दौरान थानाध्यक्ष सहित उपनिरीक्षक, हेडकांस्टेबल, कांस्टेबल मौजूद रहे।क्षेत्र के समाधगंज, बीबीपुर, दशरथपुर, आनापुर, गुलजारगंज, प्रतापगंज, आलिशाहपुर, मेंहदी, शेरवा, खपरहा आदि जगहों पर भी विद्यालयों में धूमधाम के साथ गणतंत्र दिवस का पर्व मनाया गया। इस मौके पर कई विद्यालयों में बच्चों द्वारा झांकी निकाली गई एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।

Share Now...