मछलीशहर। सिकरारा थाना क्षेत्र के समाधगंज बाजार के पास शुक्रवार देर शाम एक बाइक सवार बिजली के खंभे से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार मधईपुर गांव निवासी 22 वर्षीय नीरज सिंह शुक्रवार को बाइक से समाधगंज बाजार गया था। देर शाम घर लौटते समय वह बाजार से कुछ दूर ही पहुंचा था कि अचानक सामने एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में नीरज के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना उसके परिजनों को दी और एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
नहाते समय युवती का वीडियो बनाने का आरोप, छ: पर केस
बरसठी। थाना क्षेत्र के एक गांव में नहाते समय एक युवती का वीडियो बनाने के आरोप में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बताया जा रहा है कि गांव में 9मार्च को एक शादी समारोह के लिए टेंट लगाया गया था। 12मार्च को टेंट खोलने के लिए मजदूर ऊपर चढ़कर काम कर रहे थे। उसी दौरान बगल के एक घर के आंगन में नहा रही युवती का कथित रूप से वीडियो बनाया जा रहा था। युवती की नजर जब वीडियो बना रहे मजदूरों पर पड़ी तो उसने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मजदूर भोला, प्रेमचंद, रूपेन, संदीप, पवन और इरफान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी उसका वीडियो वायरल कर सकते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
जानलेवा हमले के मामले में सिकरारा पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
जौनपुर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत सिकरारा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में काफी समय से वांछित चल रहे एक अभियुक्त को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार और प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि जानलेवा हमले का आरोपी जाम चौराहे के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी करते हुए आरोपी रोशन गौतम (27 वर्ष), पुत्र इन्नर गौतम, निवासी बड़ौना (थाना बक्सा) को दोपहर करीब 12:30 बजे दबोच लिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह के साथ कांस्टेबल जितेंद्र यादव और संदीप कुमार तिवारी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज था और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा हुआ था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।
हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहीं बेटियां,बना रही पहचान : ओमप्रकाश यादव
खुटहन। ग्राम विकास इण्टर कॉलेज में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में भारतीय रेल वित्त निगम के सौजन्य से विभिन्न खेलों में प्रतिभाग करने वाली 100 छात्राओं को खेल सामग्री किट प्रदान की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय रेल भूमि विकास प्राधिकरण के प्रबंधक ओमप्रकाश यादव (आईआरएस) ने छात्राओं को ट्रैक सूट, जूते, मोजे समेत अन्य खेल सामग्री वितरित की। जिसे पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि आज का समय बेटियों के लिए अवसरों से भरा हुआ है। बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और अन्य कई क्षेत्रों में आगे बढ़कर देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है। आगे कहा कि यदि लगन और मेहनत के साथ लक्ष्य तय किया जाए तो सफलता जरूर मिलती है। सरकार भी बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं के माध्यम से प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे खेल और पढ़ाई दोनों में संतुलन बनाकर आगे बढ़ें और अपने विद्यालय, परिवार तथा जिले का नाम रोशन करें। अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक डॉ. रमेश यादव तथा संचालन ईश्वरदेव यादव ने किया। प्रधानाचार्य अरविंद कुमार ने मुख्य अतिथि समेत सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए विद्यालय की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर श्रीराम कुमार यादव, राम शिरोमणि वर्मा, डॉ.सुनील कांत तिवारी, अनिल यादव आदि मौजूद रहे।
मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
मुंगराबादशाहपुर। पंवारा थाना क्षेत्र में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुंवरपुर (गंगापुर) निवासी नागेंद्र कुमार गौड़ को बीते 4मार्च को आपसी विवाद के दौरान गांव के ही सचिन गौड़ पुत्र रामधनी गौड़, आशा पत्नी रामधनी गौड़, गुड़िया पुत्री रामधनी गौड़ तथा इन्दु पत्नी रामचंद्र गौड़ ने कथित रूप से लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बुरी तरह मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल इलाज के लिए जौनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि नागेंद्र गौड़ के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं तथा सिर का ऑपरेशन भी किया गया था। इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी शुक्रवार को मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में पवारा थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना में पहले ही चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। अब युवक की मौत के बाद मामले में संबंधित धाराएं बढ़ाकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में एक आरोपी आशा देवी पहले ही गिरफ्तार की जा चुकी है और शेष तीन फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
साली से शादी का दबाव बनाने के लिए युवक का अपहरण
जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी एक युवक का बदमाशों ने 11मार्च की रात अपहरण कर लिया। आरोप है कि अपहरणकर्ताओं में से एक युवक पीड़ित की साली से शादी करना चाहता था। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर 24 घंटे के भीतर युवक को सकुशल बरामद करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जाता है कि बीबीपुर गांव निवासी रविंदर यादव पुत्र जखन यादव की कबुलपुर बाजार में अंडे की दुकान है। वह रोज की तरह 11 मार्च की रात दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चार पहिया वाहन से पहुंचे कुछ लोगों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया। देर रात अपहरणकर्ताओं ने रविंदर यादव की पत्नी रिंकू यादव के मोबाइल पर फोन किया। फोन करने वाले रामकिरत यादव पुत्र सियाराम यादव निवासी गडसरा थाना चोलापुर, जनपद वाराणसी ने धमकी देते हुए कहा कि यदि अपने पति को सुरक्षित वापस पाना चाहती हो तो अपनी बहन अंजली की शादी उससे करवा दो। इतना कहकर उसने फोन काट दिया। घटना की जानकारी मिलने पर रिंकू यादव ने परिजनों और रिश्तेदारों को बताया और इसके बाद पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रामकिरत यादव को उसके गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर अपहृत रविंदर यादव को सकुशल बरामद कर लिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के बाद तत्काल पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की गई। 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया है। आरोपी का चालान कर दिया गया है।


