तालाब में डूबे अंकित को ग्रामीणों ने बचाया, समय पर इलाज नहीं मिलने का लगाया आरोप
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खम्हौरा गांव में मंगलवार की शाम अंकित गौतम (15वर्ष) पुत्र शिव प्रसाद गौतम की डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि अंकित घर से खेत देखने गया था, तभी पास स्थित तालाब में उसका पैर फिसल गया और वह डूबने लगा। ग्रामीणों के शोर मचाने पर लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उसे तालाब से बाहर निकाला। परिजन तुरंत उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करंजाकला लेकर पहुंचे, लेकिन वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। मौके पर मौजूद फार्मासिस्ट सत्यलाल यादव ने बच्चे की स्थिति देखकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपनी दो बड़ी बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। मां को बेटे की मौत की खबर मिलते ही अचेत हो गई। ग्रामीणों ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि अगर करंजाकला पीएचसी पर डॉक्टर मौजूद रहते, तो शायद बच्चे की जान बच सकती थी। ग्रामीणों का आरोप है कि अक्सर शाम के समय केंद्र पर डॉक्टर नदारद रहते हैं, जबकि 24 घंटे ड्यूटी का दावा किया जाता है।थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि घटना की जानकारी अभी तक थाने में नहीं दी गई है, जानकारी कराई जा रही है।



