जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव स्थित पुलिया के पास रविवार देर रात ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में बाइक सवार मनबढ़ युवकों ने कार सवार दो भाइयों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार जफराबाद क्षेत्र के सखोई गांव निवासी जंगबहादुर यादव और कुंवर बहादुर यादव परिवार के कुछ सदस्यों के साथ कार से केराकत क्षेत्र के बेलाव बाजार खरीदारी करने गए थे। वहां आवश्यक सामान नहीं मिलने पर वे लोग कल्याणपुर बाजार की ओर जा रहे थे। बताया जाता है कि बेलाव पुल के पास बाइक से जा रहे कुछ युवकों से ओवरटेक को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद जब कार सैदपुर गांव के पास स्थित पुलिया के पास पहुंची तो बाइक सवार युवक कार को ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिए। कार रुकते ही तीनों युवकों ने लोहे के पंच से जंगबहादुर यादव पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अपने भाई को बचाने के लिए जैसे ही कुंवर बहादुर यादव कार से बाहर निकले, हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से कार में बैठी महिला घबरा गई और शोर मचाने लगी। इसी दौरान हुसेपुर गांव निवासी शैलेश यादव अपने एक साथी के साथ बाइक से वहां पहुंचे और दोनों भाइयों को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल दोनों भाई कल्याणपुर बाजार पहुंचकर एक निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराने लगे। इसी दौरान गश्त पर निकली जफराबाद थानाध्यक्ष ऋतु जैन अपने सहयोगी श्रीप्रकाश शुक्ल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटना की जानकारी ली। इसके बाद मामले की सूचना जलालपुर थानाध्यक्ष गजानंद चौबे को दी गई। थानाध्यक्ष के निर्देश पर उपनिरीक्षक रामअवतार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
अवैध तमंचा व कार के साथ अंतरजनपदीय शातिर लुटेरा गिरफ्तार
जौनपुर। अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटहन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक अंतरजनपदीय शातिर लुटेरे को अवैध तमंचा, कारतूस और कार के साथ गिरफ्तार कर लिया।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में खुटहन थानाध्यक्ष रामाश्रय राय के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक अशोक कुमार मय हमराह ने भटपुरा मोड़ के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर, 2200 रुपये नकद और एक बोलेनो कार बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रमोद यादव उर्फ पप्पू (38 वर्ष) पुत्र स्व. हवलदार यादव निवासी बहिरापार थाना पवई जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ खुटहन थाने में मुकदमा संख्या 59/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और अवैध शस्त्र रखने जैसे आरोप शामिल हैं। इनमें शाहगंज और फूलपुर थानों में दर्ज कई मुकदमे भी शामिल हैं। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय, उपनिरीक्षक जयकृष्ण यादव, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल इन्द्रजीत की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पाक्सो एक्ट का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
जौनपुर। केराकत पुलिस ने सोमवार को पाक्सो एक्ट में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अभियुक्त का चालान कर न्यायालय भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, केराकत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गद्दी तिराहे से जलालपुर रोड पर करीब 100 मीटर आगे घेराबंदी कर रंजीत कुमार(उम्र 20 वर्ष), निवासी कनुवानी पिण्डारी को सुबह करीब 9:35 बजे गिरफ्तार किया। अभियुक्त के खिलाफ थाना केराकत में मु0अ0सं0 95/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और 3/4 (2) पाक्सो एक्ट में मामला पंजीकृत था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह के साथ उपनिरीक्षक सुरेश सिंह, संजय सिंह और हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
22 मार्च को होगा राज्य स्तरीय निरंकारी संत समागम
जौनपुर। आध्यात्मिक जागृति और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 22 मार्च को कानपुर में उत्तर प्रदेश का भव्य राज्य स्तरीय निरंकारी संत समागम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम निराला नगर स्थित रेलवे ग्राउंड (पराग डेयरी के समीप) में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी की दिव्य छत्रछाया में संपन्न होगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए स्थानीय मीडिया सहायक उदय नारायण जायसवाल ने बताया कि प्रात: 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक चलने वाले इस समागम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों श्रद्धालु भक्त शामिल होकर सतगुरु के संदेशों का श्रवण करेंगे। जनपद जौनपुर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के समागम में शामिल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि समागम स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लंगर, प्याऊ, चिकित्सा सेवा, पार्किंग समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए सेवादार सेवा भाव और अनुशासन के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। समागम से पहले 20 और 21 मार्च को ‘निरंकारी यूथ सिम्पोजियमÓ का आयोजन किया जाएगा, जिसका विषय ‘द सिक्स एलीमेंट्सÓ रखा गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को आध्यात्मिकता, मानवीय मूल्यों और सकारात्मक सोच के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
50′ रिचार्ज पर तीन दिन के लिए बहाल होगी बिजली
जौनपुर। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने स्मार्ट प्री-पेड मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने का निर्णय लिया है। अब यदि प्री-पेड बैलेंस शून्य होने के कारण बिजली कनेक्शन कट जाता है, तो उपभोक्ता नेगेटिव बैलेंस का कम से कम 50 प्रतिशत रिचार्ज कराकर तीन दिनों के लिए बिजली आपूर्ति बहाल करा सकेंगे। हालांकि यह सुविधा प्रत्येक उपभोक्ता को केवल एक बार ही मिलेगी।
विद्युत विभाग के अनुसार आरडीएसएस योजना के तहत प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक उत्तर प्रदेश में करीब 78 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिनमें लगभग 70.50 लाख प्री-पेड स्मार्ट मीटर शामिल हैं। इन मीटरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को पारदर्शी और बेहतर विद्युत सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। स्मार्ट मीटर प्रणाली से उपभोक्ताओं को कई लाभ मिल रहे हैं। इसमें सटीक बिलिंग, बिजली खपत की दैनिक जानकारी, मानवीय हस्तक्षेप में कमी और निर्धारित विद्युत टैरिफ पर लगभग 2 प्रतिशत तक की छूट भी शामिल है। विभाग ने बताया कि पोस्ट-पेड से प्री-पेड प्रणाली में बदलाव के बाद उपभोक्ताओं की पहले जमा की गई सिक्योरिटी राशि का लाभ भी उन्हें मिलता है। यह राशि पुराने बकाया बिल में समायोजित हो जाती है या यदि कोई बकाया नहीं है तो सीधे प्री-पेड बैलेंस में जोड़ दी जाती है। उपभोक्ता अपनी बिजली खपत, बिल और बैलेंस की जानकारी मोबाइल ऐप, यूपीपीसीएल की वेबसाइट या मीटर के डिस्प्ले पर देख सकते हैं। वहीं रिचार्ज की सुविधा यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप, वेबसाइट, भीम, फोनपे, गूगल पे सहित विभागीय काउंटर और जन सुविधा केंद्रों पर भी उपलब्ध है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपना प्री-पेड बैलेंस हमेशा पॉजिटिव रखें, ताकि बिजली आपूर्ति निर्बाध बनी रहे।
परिवार न्यायालय में परामर्शदाता के तीन पदों पर मांगे गए आवेदन
जौनपुर। परिवार न्यायालय जौनपुर में परामर्शदाता के तीन पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय जौनपुर द्वारा दी गई है। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के निर्देश के अनुपालन में इन पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
जारी सूचना के अनुसार इन पदों के लिए ऐसे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास समाजशास्त्र या मनोविज्ञान में स्नातक की डिग्री हो तथा समाज सेवा का अनुभव हो। जिन अभ्यर्थियों के पास सामाजिक कार्य में मास्टर डिग्री और पारिवारिक काउंसलिंग में कम से कम दो वर्ष का अनुभव होगा, उन्हें वरीयता दी जाएगी। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु आवेदन की तिथि तक न्यूनतम 35वर्ष और अधिकतम 65वर्ष के बीच होनी चाहिए। परामर्शदाता का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। यह नियुक्ति शासकीय सेवा के अंतर्गत नहीं मानी जाएगी, बल्कि चयनित अभ्यर्थी न्यायालय से संविदा के आधार पर संबद्ध रहेंगे। नियुक्त परामर्शदाता को शासनादेश के अनुसार प्रति कार्य दिवस एक हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा, जो अधिकतम 24 हजार रुपये प्रतिमाह तक सीमित होगा। इच्छुक पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र के साथ शैक्षणिक योग्यता और अनुभव से संबंधित प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति संलग्न कर 28 मार्च तक कार्यालय प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय में किसी भी कार्य दिवस पर व्यक्तिगत रूप से जमा कर सकते हैं। आवेदन पंजीकृत डाक के माध्यम से भी भेजे जा सकते हैं।
अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत गतिविधियों के लिए संस्थाओं से मांगे गए प्रस्ताव
जौनपुर। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की अटल वयो अभ्युदय योजना की उपयोजना ‘वरिष्ठ नागरिकों हेतु राज्य कार्य योजनाÓ के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए जनपद की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसमें मोतियाबिंद सर्जरी के लिए 2.50 लाख रुपये, उत्पादक वृद्धावस्था गतिविधियों के लिए 1 लाख रुपये, संवेदीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रमों के लिए 50 हजार रुपये, अंतर-पीढ़ीगत जुड़ाव गतिविधियों के लिए 60 हजार रुपये, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर के लिए 50 हजार रुपये तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए अन्य कार्यक्रमों हेतु 1 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि संस्थाओं का चयन गठित समिति द्वारा आरएफपी में अंकित दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। पात्र एवं सोसाइटी रजिस्ट्रेशन एक्ट 1860 के अंतर्गत पंजीकृत गैर सरकारी संगठन, सामाजिक संस्थाएं एवं सोसाइटी अपने प्रस्ताव आवश्यक स्वहस्ताक्षरित प्रमाण-पत्रों की प्रतियों सहित 20 मार्च को सायं 5 बजे तक सीलबंद लिफाफे में जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन जौनपुर (प्रथम तल, कक्ष संख्या 115) में स्वयं अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, साथी घायल
जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के कटघरा इलाके में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सिकरारा थाना क्षेत्र के मघाईपुर गांव निवासी अश्वनी कुमार बिंद पुत्र उमा चंद बिंद अपने एक साथी के साथ बाइक से शहर से घर लौट रहे थे। जब वे कटघरा क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर की चपेट में उनकी बाइक आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने अश्वनी कुमार बिंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके घायल साथी का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।


