- मीरगंज थाना क्षेत्र के कमासीन गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुआ खून-खराबा, दो अन्य गम्भीर
जौनपुर धारा, जौनपुर। आम तोड़ने के विवाद में चाचा ने भतीजे की बल्लम गोदकर हत्या कर दी जबकि दो लोगों का अब भी जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है। उक्त थाना क्षेत्र के कमासिन नरवापार गांव में पहले से ही चाचा-भतीजे में भूमि विवाद चल रहा था। गुरुवार की सुबह भतीजे द्वारा आम तोड़ लेने से नाराज चाचा ने बल्लम से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। दो अन्य गंभीर रूप से घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं घटना के बाद से आरोपित फरार है। 38 वर्षीय गिरिजा शंकर प्रजापति का अपने चाचा से आम तोड़ने को लेकर विवाद शुरू था। इसी को लेकर सुबह करीब आठ बजे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। आरोप है कि चाचा व उसके परिजनों ने उस पर बल्लम से हमला कर गिरिजा शंकर प्रजापति, 45 वर्षीय रुद्र प्रताप प्रजापति तथा 37 वर्षीय रामजीत प्रजापति को लहूलहान कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर पहुंचाया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल भेज दिया जहां इलाज के दौरान गिरिजा शंकर प्रजापति की मौत हो गई। उसके सीने में बाईं तरफ बल्लम से गहरी चोट आई थी। रुद्र प्रताप व रामजीत की भी हालत गंभीर बनी हुई है। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्ष से मिली तहरीर पर कुल 7 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।



