Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरअयोध्या मार्ग पर पानी बहाने से दुर्घटनाएं बढ़ीं, पुलिस ने रोकने के...

अयोध्या मार्ग पर पानी बहाने से दुर्घटनाएं बढ़ीं, पुलिस ने रोकने के निर्देश जारी किए

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुत्तूपुर के पास जौनपुर-अयोध्या मार्ग पर एक वाहन एजेंसी द्वारा सड़क पर लगातार पानी बहाने से सड़कें उखड़ गईं और दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ गई। अयोध्या जाने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। समाजसेवी एवं एडवोकेट अजय कृष्ण यादव (बबलू सारंग) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र के माध्यम से शिकायत की। पत्र में उन्होंने एजेंसी द्वारा सड़क पर पानी बहाने से दुर्घटनाओं के बढ़ने और यात्रियों की परेशानियों के विषय में जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने संबंधित विभागों और आईजीआरएस के माध्यम से भी जानकारी मांगी कि किस अधिकार से यह कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके तहत शुक्रवार को पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एजेंसी द्वारा वाहनों की धुलाई को रोकने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष अमरेंद्र पांडेय ने बताया कि सड़क पर पानी बहाने वालों को सख्त हिदायत दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी रोड पर पानी बहाने या अतिक्रमण करने की अनुमति नहीं है। नियम का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कुत्तूपुर से सिद्धीकपुर तक सड़क पर पानी बहाने और अतिक्रमण रोकने के लिए पुलिस ने कड़ी निगरानी रखने का आदेश भी जारी किया है। इस कदम से अब सड़क हादसों में कमी आने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होने की उम्मीद है।