- भीम आर्मी ने प्रदर्शन कर सौंपा डीएम को ज्ञापन
जौनपुर। अंबेडकर पार्क में बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर असामाजिक तत्वों द्वारा कालिख और कीचड़ पोतने की घटना को लेकर शुक्रवार को भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष डॉ.एस.पी.मानव के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे और ‘डीएम साहब न्याय दोÓ के नारे लगाते हुए जिलाधिकारी को मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा के साथ किया गया यह कृत्य न केवल उनके अनुयायियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि यह सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की साजिश भी है। जिलाध्यक्ष डॉ.एस.पी.मानव ने कहा कि इस घृणित कृत्य में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने मांग की कि प्रतिमा स्थल पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि प्रतिमा स्थल के आसपास किसी भी प्रकार की नई परंपराएं या गतिविधियां शुरू करने की अनुमति न दी जाए, जिससे माहौल खराब होने की आशंका हो। संगठन ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो बहुजन समाज को व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।



