जौनपुर
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह को ‘पूर्वांचल माटी सम्मान’ से सम्मानित किए जाने पर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी और शिक्षक परिवार की ओर से कुलपति सभागार में अभिनंदन एवं परिचय समारोह आयोजित किया गया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया सम्मानित
कार्यक्रम में शिक्षक संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रो. राहुल सिंह ने कहा कि यह सम्मान कुलपति के व्यक्तिगत शैक्षणिक योगदान के साथ-साथ पूरे पूर्वांचल की शैक्षिक गरिमा और ज्ञान परंपरा का भी सम्मान है।
शिक्षकों ने जताया गर्व
शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने उच्च शिक्षा में किए गए नवाचारों और शिक्षक-शिक्षार्थियों के हित में उठाए गए कदमों की सराहना की।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रो. हिमांशु सिंह और डॉ. गंगेश दीक्षित ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठनात्मक मजबूती पर बल दिया।
कुलपति ने सामूहिक प्रयास पर दिया जोर
अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि सामूहिक प्रयास और समन्वय से ही विश्वविद्यालय अपनी वास्तविक गरिमा प्राप्त कर सकता है।
बड़ी संख्या में शिक्षक रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुजीत कुमार पटेल ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर कुलसचिव केशलाल, उपकुलपति अजित कुमार, प्रो. विजय प्रताप सिंह, प्रो. विनय दुबे, प्रो. महेन्द्र त्रिपाठी, प्राचार्य राघवेन्द्र पांडेय और डॉ. अरविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।



