- विभागों को दिए सख्त निर्देश
जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में स्वास्थ्य शासी निकाय, संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक अभियान की द्वितीय अंतर्विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्रों पर बेडशीट को कलर कोड के अनुसार बदलने, निष्प्रयोज्य वाहनों को कंडम घोषित करने और मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एंबुलेंस सेवा, इमरजेंसी मेडिकल ट्रांसपोर्ट और आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाए जाएं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्य सचिव द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित समयसीमा में कार्यों को पूरा करने और नियमित रूप से निगरानी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान में जनपद की रैंकिंग खराब नहीं होनी चाहिए। पंचायती राज विभाग और नगर विकास विभाग को कार्ययोजना के अनुसार साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, जल निकासी, फॉगिंग और एंटीलार्वा रसायनों के छिड़काव को प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए गए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई। बेसिक शिक्षा अधिकारी और डीआईओएस को विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, कुष्ठ, टीबी और फ्लू के कारण, लक्षण और बचाव के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को सूकर पालकों को बाड़ों की साफ-सफाई, कीटनाशक छिड़काव और वैकल्पिक व्यवसाय अपनाने के प्रति जागरूक करने को कहा गया। वहीं कृषि विभाग को किसानों को चूहा और छछूंदर से बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस को आपसी समन्वय से आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से बुखार के मरीजों, डेंगू, मलेरिया, टीबी, कुष्ठ तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनकी जांच और उपचार की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोगों को इन बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव यादव, डॉ. बी.सी. पंत, डॉ. नरेंद्र सिंह, सभी उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव, डीपीआरओ नवीन सिंह, बीएसए, एडीआईओएस, डीपीओ आईसीडीएस, अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।



