जौनपुर। जनपद में अपराध की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न थानों की पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, गांजा, कारतूस और वाहन भी बरामद किए गए हैं।
रामपुर थाना पुलिस ने अपहरण से संबंधित मुकदमे में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मु0अ0सं0 44/2026 धारा 137(2) व 87 बीएनएस में वांछित अमित मिश्र पुत्र छोटेलाल मिश्र निवासी पसियाही खुर्द थाना नेवढ़िया को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया। यह कार्रवाई उपनिरीक्षक पंचरतन राम और हेड कांस्टेबल प्रदीप यादव ने की।
खेतासराय थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सचिन कुमार पुत्र मुन्नर राम निवासी मानीकलां को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की है।
सुजानगंज थाना पुलिस ने पंचरास्ता बारा पुलिया के पास से अभिषेक तिवारी उर्फ अमित तिवारी (29) निवासी रतनपुर नगौली को 4 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से एक वैगनआर कार और एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
शाहगंज थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर रामउजागिर यादव पुत्र दिलराज निवासी अरगूपुर खुर्द को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ धारा 323, 504 और 336 भादवि के मामले में वारंट जारी था।
पवारा थाना पुलिस ने कुंवरपुर नहर पुलिया के पास से दो युवकों—मोहित कुमार निवासी भांट का पूरा और रवि कन्नौजिया निवासी परशुपुर—को गिरफ्तार किया। उनके पास से दो अवैध तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और एक सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।



