― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरJaunpur News : बैठक सम्पन्न, जौनपुर महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज

Jaunpur News : बैठक सम्पन्न, जौनपुर महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज

  • सरकारी योजनाओं के स्टाल लगाकर किया जाये श्रमिकों का पंजीकरण

जौनपुर धारा, जौनपुर। शनिवार की देर सायं राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव की अध्यक्षता में जौनपुर महोत्सव के आयोजन के सम्बंध में बैठक संपन्न हुई। महोत्सव 10, 11 और 12 मार्च को  शाही किला में आयोजित होना है। बैठक में जौनपुर महोत्सव को लेकर कार्यक्रमों की रूप-रेखा तय की गई। जौनपुर महोत्सव में श्रम विभाग के द्वारा स्टॉल लगाकर श्रमिकों का पंजीकरण और नवीनीकरण, डीएफओ और उद्यान अधिकारी द्वारा नव विवाहित जोड़ो को सहजन के पौधे का वितरण, एलडीएम के द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के प्रचार-प्रसार का स्टॉल, खादी ग्रामोद्योग विभाग सहित अन्य विभागों के द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित स्टाल लगाए जाएंगे। राज्यमंत्री ने निर्देशित किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों और जनपद की प्रतिभाओं का सम्मान किया जाए। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर झाड़ियों की कटाई तथा साफ-सफाई कराए। अधिशासी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया गया कि जिन सड़कों की स्वीकृति हो गई है उन सड़कों को ठीक करा दिया जाए यदि कोई गड्ढे है तो उन्हें तत्काल गड्डा मुक्त किया जाए। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया जाए। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों के बच्चों द्वारा भी प्रतिभाग कराया जाएगा। महोत्सव में सामूहिक विवाह कराये जाने के सम्बन्ध में जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चन्द्र ने मंत्री गिरीशचन्द्र यादव को आश्वस्त कराया कि सभी विभागों के समन्वय से जौनपुर महोत्सव का आयोजन भव्य तरीके से कराया जायेगा। इस अवसर पर जौनपुर नगरपालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, जिलाध्यक्ष बीजेपी पुष्पराज सिंह, मुख्य विकास अधिकारी साईं तेजा सीलम, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट इशिता किशोर, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अम्बष्ठ, पीडी के.के.पाण्डेय, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.गोरखनाथ पटेल, सहित अन्य उपस्थित रहें।

Share Now...