- मोजो, मीडिया लेखन, फोटोग्राफी पर पांच दिवसीय कार्यशाला 24 से
जौनपुर धारा, जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग द्वारा मोजो मीडिया लेखन एवं फोटोग्राफी विषयक पाँच दिवसीय कार्यशाला का आयोजन पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग से 24-28 मार्च तक किया जा रहा है।
कार्यशाला के संयोजक जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो.मनोज मिश्र ने बताया कि कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में सेंटर ऑफ मीडिया स्टडीज, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज के समन्वयक डॉ.धनंजय चोपड़ा मुख्य अतिथि होंगे। कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। विशिष्ट अतिथि के तौर पर पंजाब नेशनल बैंक के मण्डल प्रमुख प्रभाष चन्द्र लाल और विषय प्रवर्तन राजभाषा अधिकारी सुशान्त शर्मा करेंगे। कार्यशाला में मोबाइल पत्रकारिता की तकनीक, मोबाइल वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी, सोशल मीडिया प्रबंधन एवं लेखन, फोटोग्राफी तकनीक, मीडिया लेखन तकनीक एवं साइबर सुरक्षा के विविध आयामों पर देश के विभिन्न भागों से आमंत्रित विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला में देश की जानी-मानी ब्लॉगर यात्रा लेखिका डॉ.कायनात काजी, दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय गया के प्रो.आतिश पराशर, इंदिरा गांधी जनजाति विश्वविद्यालय अमरकंटक के पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष प्रो.राघवेंद्र मिश्र, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के सहायक आचार्य डॉ.रवि सूर्यवंशी, संतोष पांडे, शाहिद अन्य विशेषज्ञ प्रशिक्षण देने आ रहे है।


