― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरJaunpur News : करेंट से मृत दंपति में पत्नी का शव नौवें...

Jaunpur News : करेंट से मृत दंपति में पत्नी का शव नौवें दिन नहर से बरामद

  • पति का शव तलाश रही पुलिस

जौनपुर धारा, खुटहन। बिशुनपुर ग्राम पंचायत के मलूकपुर गांव में खेत की सिंचाई करते समय फसल सुरक्षा हेतु विद्युत करेंट प्रवाहित नंगे तार के बाढ़ की चपेट में आकर मृत दंपति के मामले में घटना के नौवें दिन पुलिस ने पत्नी का शव नहर से बरामद कर लिया है। वहीं पति के शव की तलाश कराई जा रही है। घटना में पुलिस ने बगल के चार चकदारों के खिलाफ अपहरण और हत्या का केस दर्ज कर एक आरोपित को जेल भी भेज दिया है। लेकिन शव बरामद करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। पत्नी का शव मिलने के बाद पुलिस और अधिक सक्रियता से पति का शव तलाशने में जुटी हुई है। बरामद शव को पीएम हेतु भेज दिया गया है। गांव निवासी 58वर्षीय रामचरित्तर गौतम अपनी 56वर्षीया पत्नी किस्मत्ती देवी के साथ गत 5 जनवरी को घर से लगभग चार सौ मीटर दूर खेत में सिंचाई करने गए थे। जहां से दंपति गायब हो गये। घटना की छानबीन पुलिस कर रही थी। तभी उन्हें जानकारी हुई कि बगल गांव अकबर पुर निवासी पूर्व प्रधान कमलेश सिंह व उनके भाइयों का दंपत्ति जिस खेत कि सिंचाई कर रहे थे उसी से सटा उक्त आरोपितों का भी खेत हैं। जिसकी सुरक्षा हेतु नंगे तार की बाढ़ घेर उसमें विद्युत करेंट प्रवाहित किया गया था। उधर गायब दंपति की पुत्री सरिता ने भी थाने में तहरीर देकर ऐसा ही आरोप लगाया था। पुलिस सक्रिय होकर उनकी तलाश शुरू कर दिया। 7जनवरी को आरोपित पूर्व प्रधान कमलेश सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने स्वीकार किया कि रविवार की सुबह तार में प्रवाहित करेंट से दंपति के मौत की जानकारी होते ही हमारे हाथ पांव फूल गए। हम अपने भाई संग भागते हुए मौके पर पहुंचे। कानून के भय से साक्ष्य छुपाने के लिए दोनों शव? को वाहन में लाद सरपतहा थाना क्षेत्र के बासूपुर गांव की नहर में फेंक दिया था। आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें चलान न्यायालय भेज दिया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस लगातार शवों की तलाश कर रही थी। नहर का पानी भी रोक दिया गया था। सोमवार को वहां से लगभग दो किमी दूर शेखाईं गांव में नहर से किस्मत्ती देवी का शव बरामद कर लिया गया।

Share Now...