जौनपुर। नवरात्रि के अंतिम दिन सब्जी मंडी स्थित मां काली मंदिर में एक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति द्वारा नव कन्याओं का विधिवत पूजन और पाठ संपन्न कराया गया। पूजन के बाद नव कन्याओं को सम्मानित कर विदाई दी गई, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय और उल्लास से भर गया। मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने नव कन्याओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर धार्मिक आयोजकों, समाजसेवियों और मंदिर समिति के सदस्यों ने भी सहभागिता निभाई। समारोह में बच्चों के लिए धार्मिक गीतों और भजनों का आयोजन किया गया, जिससे माहौल भक्तिभाव से भर गया। मंदिर समिति ने बताया कि यह परंपरा नव कन्याओं के सम्मान और संस्कार को बढ़ावा देने के लिए हर वर्ष रामनवमी के अवसर पर आयोजित की जाती है। समिति ने नगरवासियों से अपील की कि वे इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाएं, जिससे बच्चों के संस्कार और समाज में धार्मिक चेतना का विकास हो सके।
मां शीतला के धाम में उमड़ी आस्था

जौनपुर। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव ‘रामनवमीÓ और चैत्र नवरात्रि के अंतिम दिन जौनपुर पूरी तरह राममय नजर आ रहा है। नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सुबह से ही मंदिरों में शंख और घंटों की गूंज सुनाई दे रही है। आस्था के प्रमुख केंद्र मां शीतला चौकियां धाम में भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। नवरात्रि का आखिरी दिन होने के कारण भक्त मां का आशीर्वाद लेने के लिए मीलों लंबी कतारों में खड़े अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। जय माता दी के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान है। मान्यता है कि आज के दिन मां के दर्शन से सभी कष्ट दूर होते हैं।



