जौनपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में आयोजित किया गया।
बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर चलाया गया अभियान
अभियान के तहत विभिन्न थानों पर तैनात महिला पुलिस कर्मियों और मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा के उपाय और नई कानूनी व्यवस्थाओं जैसे भारतीय न्याय संहिता और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी।
महिलाओं को आत्मरक्षा और अधिकारों की दी जानकारी
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के तरीके, गुड टच और बैड टच की पहचान तथा अपने अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि यदि सार्वजनिक स्थानों, बसों या रास्तों में किसी प्रकार की छेड़खानी या उत्पीड़न की घटना होती है तो महिलाएं घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
पुलिस टीमों ने महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी, जिनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 और 108 एम्बुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 101 अग्निशमन सेवा तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं।
साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम का सुरक्षित उपयोग करने के बारे में भी जागरूक किया गया और महिलाओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।



