- आपसी बटवारे को लेकर चल रहा था विवाद

जौनपुर धारा, बरसठी। स्थानीय थाना क्षेत्र के खोइरी (खरगापुर) में एक घर में पूजा बैठने को लेकर हुए मारपीट में एक की मौत हो गई। आपको बता दें कैलाशनाथ शुक्ला पुत्र स्व.हीरामणि शुक्ला के छः लड़को में से एक लड़का विनोद शुक्ला अपने परिवार से अलग किराए के मकान में रहता था। घर की शांति के लिए उसके परिजनों ने श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया था, जिसमें सम्मिलित होने के लिए बृहस्पतिवार की शाम विनोद घर पर आया और पूजा में बैठने को लेकर पिता और एक भाई से कहा सुनी हो गई। जिसमें भाई और पिता से विनोद के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। जिसके बाद विनोद को घर में खीच कर ले गए और महिलाओं की मदद से घर का दरवाजा बंद कर विनोद शुक्ला को मारने पीटने लगे। इस घटना की सूचना मृतक विनोद की पत्नी ने अपने भाई निलेश दुबे को दी। भाई ने बरसठी पुलिस को फोन कर मामले का संज्ञान दिया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो विनोद शुक्ला को घर के अंदर से निकाला गया और पुलिस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां औपचारिक इलाज के बाद विनोद शुक्ला को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने घायल विनोद शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। विनोद और उनके पिता और भाईयो में आपसी बटवारे को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। इधर कोई बड़ी वारदात न घटे इसको ध्यान में रखते हुए मौके पर क्षेत्राधिकारी विवेक सिंह ने पहुंच कर बरसठी, रामपुर, नेवढ़िया, मीरगंज थाना समेत अन्य थानों की पुलिस को मौके पर बुला लिया। बताया जा रहा है की मारपीट में शामिल आरोपी की तलाश करने में पुलिस जुट गई है।


