- राज्यपाल व कुलपति को पत्र भेजकर विस्तृत निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
जौनपुर धारा, जौनपुर। छात्रा के साथ छेड़खानी के मामले में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ.सुधीर उपाध्याय के बचाव में स्ववित्तपोषित शिक्षक संघ निष्पक्ष जाँच की मांग उठाई है। शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ.सी.बी.पाठक ने कहा है कि डॉ.सुधीर उपाध्याय एक संविदा शिक्षक हैं और संविदा की नौकरी में रहते हुए भी शैक्षणिक जगत में विश्व के दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की श्रेणी में अपनी योग्यता के बल पर स्थान बनाया तथा अन्तरराष्ट्रीय शोध पत्रों में आए दिन उनके शोध पत्र छपते रहे हैं, जिसके चलते दीक्षांत समारोह के दौरान कुलाधिपति राज्यपाल ने भी तारीफ की थी। डॉ.सुधीर उपाध्याय को विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में रूस के एक विश्वविद्यालय में जाने का मौका मिला,उनके प्रयास से वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के साथ रूस के विश्वविद्यालय का एमओयू हुआ और उन्हें पुन: विदेश्ा जाने का अवसर मिला हुआ था। उनकी लगातार शैक्षणिक जगत में मिल रही सफलताओं व कुलपति के नजर में एक योग्य शिक्षक के तौर पर उनकी बढ़ रही नजदीकी से विश्वविद्यालय के कुछ लोग जलन रख रहे थे और उन सबने षडयंत्र कर डॉ.सुधीर उपाध्याय को पूरे प्रकरण में फसाया है। उनके कैरियर को सामाजिक रूप से कलंकित कर नष्ट करने का कुचक्र रचा है। शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष डॉ.अवधेश पांडेय ने कहा कि विश्वविद्यालय में वर्तमान कुलपति वंदना सिंह ने कई लोगों की दुकान बंद कर दी हैं, ईमानदारी से कार्य कर रही हैं, जो कुछ षड्यंत्रकारियों को रास नहीं आ रहा है और समय-समय पर षड्यंत्र और कुचक्र रचकर शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्रों व विश्वविद्यालय को बदनाम करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। ऐसे षडयंत्रकारियों की पहचान करना अति आवश्यक है, जो विश्वविद्यालय में रहकर विश्वविद्यालय को ही दीमक की तरह चाट रहे हैं। शिक्षक संघ की जिला महामंत्री पारुली सिंह ने कहा है कि डॉ.सुधीर उपाध्याय एक योग्य शिक्षक हैं। जिन्होंने अपनी प्रतिभा के बल पर पूर्वांचल के शिक्षकों और विश्वविद्यालय का नाम भारत में ही नहीं दुनिया में रोशन किया है। इसलिए उनके विरुद्ध रची गई साजिश के खिलाफ हम सभी शिक्षक लामबंद हो रहे हैं उनके विरुद्ध एक घिनौना षड्यंत्र रचा गया जिसका पर्दाफाश होना जरूरी है।



